TrendingUttar Pradesh

UP में बारिश का कहर देख CM योगी ने कसी कमर! 24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश, नेपाल बाढ़ से महाराजगंज-कुशीनगर में अलर्ट

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि से बने हालात को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने वरिष्ठ अधिकारियों से प्रभावित इलाकों में खुद पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और जरूरतमंद परिवारों को तत्काल राहतसहायता उपलब्ध कराने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

जनहानि और नुकसान का तत्काल होगा आकलन

मुख्यमंत्री ने अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक क्षति का तत्काल आकलन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नुकसान का सर्वे पूरा कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। सीएम ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश से जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रशासन स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखे और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव अभियान चलाए।

आकाशीय बिजली को लेकर लोगों से सावधानी की अपील

सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। अतिवृष्टि के दौरान नदियों और जलाशयों में स्नान करने से बचें और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

नेपाल की बाढ़ से महाराजगंजकुशीनगर में अलर्ट

उधर, नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती महाराजगंज और कुशीनगर जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में बाढ़ से हुई क्षति को चिंताजनक बताते हुए दोनों जिलों के स्थानीय प्रशासन को सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

गंडक और नारायणी के जलस्तर पर नजर

नेपाल में बाढ़ के प्रभाव से गंडक और नारायणी नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए सीएम ने अधिकारियों को नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा है। मुख्यमंत्री ने नेपाल में बाढ़ से हुई क्षति पर चिंता जताते हुए भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल रहने की प्रार्थना भी की।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply