
ग्रेटर नोएडा की एक हाईराइज सोसाइटी में देर रात सैनिटरी पैड और खाने का सामान डिलीवरी करने आए लड़के को सुरक्षा गार्ड द्वारा रोके जाने पर जमकर हंगामा हो गया। मामला बिसरख थाना क्षेत्र के आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी का है, जहां एक महिला ने गार्ड्स के साथ न सिर्फ बदसलूकी की बल्कि उन्हें लात और थप्पड़ मारने का प्रयास भी किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, महिला ने बीती रात ऑनलाइन सैनिटरी पैड और कुछ खाने-पीने का सामान ऑर्डर किया था। जब डिलीवरी बॉय डिलीवरी देने पहुंचा, तो सोसाइटी के मुख्य गेट पर तैनात गार्ड्स ने सुरक्षा नियमों के तहत उसे रोक लिया और ऐप पर एंट्री व वेरिफिकेशन करने को कहा। इसी बात से नाराज होकर महिला खुद गेट पर पहुंच गई और गार्ड्स से उलझ पड़ी। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि महिला आपा खो बैठी और उसने मौके पर मौजूद गार्ड्स के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में महिला एक गार्ड पर चिल्लाती और उसे औकात दिखाने की बात कहती नजर आ रही है। वीडियो में महिला को कथित तौर पर यह कहते सुना जा सकता है कि तेरी कोई औकात नहीं मेरे आगे, जूता साफ करवाऊंगी तुझसे।चश्मदीदों का आरोप है कि महिला ने कुर्सी पर बैठे गार्ड को लात मारने की कोशिश की और एक अन्य गार्ड पर थप्पड़ चलाने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, उस पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और शराब के नशे में होने के भी आरोप लग रहे हैं, हालांकि नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने अभी नहीं की है।
बताया जा रहा है कि हंगामे की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिलीवरी बॉय को रोके जाने की बात पर महिला नाराज हुई थी और उसने हंगामा किया। फिलहाल मौके पर शांति कायम है और पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।



