
महानगर के साहनेवाल क्षेत्र के अंतर्गत आती रामगढ़ रोड स्थित एक कॉलोनी में रिश्तों को कलंकित करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी सौतेले पिता ने अपनी ही 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को हवस का शिकार बनाने की नीयत से छेड़छाड़ और गंदी हरकतें कीं। पीड़िता की शिकायत पर साहनेवाल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने करीब 14-15 साल पहले आरोपी अरविंद सिंह के साथ दूसरी शादी की थी। आरोपी अरविंद सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला गोरखपुर के गांव खजनी का रहने वाला है और पेशे से ड्राइवर है। परिवार में तीन बच्चे (एक लड़का और दो लड़कियां) हैं। पीड़िता परिवार में सबसे बड़ी है और वह 10वीं कक्षा में पढ़ाई करती है। पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि बीते 25 अगस्त की रात को वह अपने कमरे में सो रही थी, जबकि उसकी मां साथ वाले दूसरे कमरे में सोई हुई थी। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी अरविंद सिंह चुपके से पीड़िता के कमरे में दाखिल हो गया।
आरोपी ने सो रही नाबालिग की टी-शर्ट उतार दी और उसके साथ जबरन गलत व अश्लील हरकतें करने लगा। घबराई और सहमी हुई किशोरी ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और आरोपी के चंगुल से बचकर साथ वाले कमरे में जाकर अपनी मां को रोते हुए सारी आपबीती बताई।पीड़िता और उसकी मां ने थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज करवाई। मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी अरविंद सिंह के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 74 (महिला की लज्जा भंग करना/छेड़छाड़) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 4 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश कर आगामी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।



