CrimeIndiaPunjabTrending

​​​​​​ ​राधा स्वामी’ कहकर बुजुर्ग महिला को लगाया गले, अगले ही पल खींच ली सोने की बाली; Swift कार में फरार हुईं शातिर महिलाएं‌‌‌‌‌​​​​​​​​​​

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में बुजुर्ग महिला के साथ झपटमारी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गांव हंबड़ां में दो महिलाओं ने पहले बुजुर्ग महिला को पहचानने का नाटक किया और ‘राधा स्वामी’ कहकर गले लगा लिया। महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही आरोपियों ने उनके कान से सोने की बाली खींच ली और कार में बैठकर फरार हो गईं।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

खाना देने जा रही थीं महिला

पुलिस को दी शिकायत में माया देवी ने बताया कि वह सुबह करीब 10 बजे अपनी बहू के साथ पति को दुकान पर खाना देने के लिए पैदल जा रही थीं। दोनों जब गांव हंबड़ां में पंजाब नेशनल बैंक के पास पहुंचीं, तभी पीछे से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार आकर उनके पास रुकी।

कार से दो महिलाएं बाहर निकलीं और सीधे माया देवी के पास पहुंच गईं। दोनों ने ऐसे व्यवहार किया जैसे वे उन्हें पहले से जानती हों। इसी दौरान उन्होंने ‘राधा स्वामी’ कहकर बुजुर्ग महिला को गले लगा लिया।

गले लगाने के बहाने कर दिया खेल

माया देवी के मुताबिक, गले मिलने के दौरान दोनों महिलाओं ने मौका देखकर उनके दाएं कान में पहनी सोने की बाली पर झपट्टा मारा। बाली खींचने से उन्हें काफी दर्द हुआ। इससे पहले कि वह या उनकी बहू कुछ समझ पातीं, दोनों महिलाएं तेजी से वापस स्विफ्ट कार में बैठ गईं।

कार चालक ने वाहन को तेज रफ्तार से दौड़ाया और आरोपी महिलाएं मौके से फरार हो गईं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस PNB बैंक और हंबड़ां मुख्य मार्ग के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच का उद्देश्य कार का नंबर पता लगाने के साथ-साथ आरोपियों के भागने के रास्ते की पहचान करना है।

पुलिस को आशंका है कि इस तरह की वारदात को अंजाम देने वाला कोई गिरोह सक्रिय हो सकता है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply