IndiaTrendingUttar Pradesh

दिल्ली में ISI के जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, पति-पत्नी गिरफ्तार; पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजे 8 भारतीय सिम

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक कथित जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दिल्लीएनसीआर से पतिपत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान साहिल और समीरा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों वर्ष 2024 से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों के संपर्क में थे और उनके लिए काम कर रहे थे। इस कार्रवाई को स्पेशल सेल ने “ऑपरेशन समीरा” नाम दिया है।

पुलिस का आरोप है कि दोनों ने भारतीय सिम कार्ड हासिल कर उन्हें पाकिस्तान भेजा, सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां जुटाईं और इसके बदले पाकिस्तानी हैंडलर्स से पैसे लिए।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज को पहले से सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग आतंकी संगठनों को लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध करा रहे हैं। जांच के दौरान पुलिस को दिल्लीएनसीआर में सक्रिय एक कथित ISI समर्थित नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली।

जांच में सामने आया कि साहिल वर्ष 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए एक पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में आया था। पुलिस के अनुसार, यह संपर्क उसकी दोस्त समीरा के माध्यम से हुआ, जो बाद में उसकी पत्नी बनी। इसके बाद एक पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव ने दोनों से संपर्क किया और उन्हें अपने नेटवर्क के लिए काम करने के लिए तैयार किया। इसके बदले उन्हें पैसे देने का लालच दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, साहिल और समीरा ने 2024 और 2025 के दौरान कुल आठ भारतीय सिम कार्ड हासिल किए और उन्हें दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेज दिया। इन सिम कार्ड का इस्तेमाल पाकिस्तान में व्हाट्सएप अकाउंट चलाने के लिए किया गया।

आरोप है कि इन व्हाट्सएप नंबरों के जरिए भारतीय नागरिकों से संपर्क किया गया और संवेदनशील जानकारियां जुटाने की कोशिश की गई। कुछ भारतीय व्हाट्सएप ग्रुप में भी इन नंबरों के जरिए घुसपैठ की गई। पुलिस का दावा है कि इसके बदले पाकिस्तानी हैंडलर्स ने दोनों को करीब 30 हजार रुपये दिए।

जांच में यह भी सामने आया कि साहिल को कैंटोनमेंट इलाकों की रेकी करने और नेटवर्क के लिए अन्य लोगों को भर्ती करने का काम सौंपा गया था। पुलिस के अनुसार, उसने उन सैन्यकर्मियों से जुड़ी जानकारी भी साझा की, जिनके खिलाफ कोर्ट मार्शल की कार्रवाई चल रही थी।

इससे जांच एजेंसियों को आशंका है कि कथित नेटवर्क का उद्देश्य केवल सामान्य सूचनाएं जुटाना नहीं, बल्कि भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल करना भी था।

पुलिस ने सबसे पहले साहिल को गिरफ्तार किया। वह सराय काले खां का रहने वाला है और उसके पिता कार मैकेनिक हैं। उसके मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच के दौरान पाकिस्तानी एजेंटों के साथ संदिग्ध चैट सामने आईं।

पूछताछ के दौरान पुलिस को उसकी पत्नी समीरा की भूमिका के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। समीरा नोएडा के एक कॉल सेंटर में काम करती थी।

पुलिस के मुताबिक, दोनों के मोबाइल फोन से पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ बातचीत और कथित जासूसी गतिविधियों से जुड़े अहम डिजिटल सबूत मिले हैं। फिलहाल स्पेशल सेल नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके पीछे मौजूद पाकिस्तानी हैंडलर्स की पहचान करने में जुटी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply