नई दिल्ली : दिल्ली में सीएनजी की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड की नई दरें शनिवार, 29 अगस्त 2026 को सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं। कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में सीएनजी अब 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

IGL ने कीमतों में बढ़ोतरी की वजह पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच अंतरराष्ट्रीय लिक्विफाइड नेचुरल गैस की कीमतों में हुई भारी वृद्धि को बताया है। कंपनी के मुताबिक, जुलाई के बाद से अंतरराष्ट्रीय LNG की कीमतों में काफी तेजी आई है। मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गैस शिपमेंट को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है। यह मार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
IGL ने बताया कि CNG सेगमेंट को सप्लाई की जाने वाली गैस का एक बड़ा हिस्सा इम्पोर्टेड स्पॉट LNG से आता है। अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेज वृद्धि और घरेलू CNG खपत में लगातार बढ़ोतरी के कारण कंपनी की इनपुट कॉस्ट बढ़ी है। इसी वजह से CNG की कीमतों पर दबाव बना हुआ था।
कंपनी ने इस बढ़ोतरी को ‘कैलिब्रेटेड’ यानी सोचसमझकर किया गया मूल्य संशोधन बताया है। IGL का कहना है कि इसका उद्देश्य बढ़ी हुई गैस लागत का एक हिस्सा खुद वहन करना और ग्राहकों को निर्बाध तथा भरोसेमंद गैस आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
IGL के अनुसार, यूरोपियन TTF गैस की कीमत फरवरी के अंत में करीब 11.36 डॉलर प्रति MMBTU थी, जो 27 अगस्त तक बढ़कर 23.35 डॉलर प्रति MMBTU हो गई। यानी इसमें करीब 105 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
इसी तरह एशियन JKM LNG की कीमत लगभग 10.99 डॉलर से बढ़कर 23.41 डॉलर प्रति MMBTU हो गई। इसमें करीब 113 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया है।
हालिया बढ़ोतरी के बावजूद IGL का कहना है कि दिल्ली में CNG की कीमत अन्य ईंधनों की तुलना में अभी भी किफायती है। कंपनी दिल्लीएनसीआर समेत कई शहरों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क संचालित करती है।
IGL का नेटवर्क हजारों किलोमीटर लंबी पाइपलाइनों और 1,000 से अधिक CNG स्टेशनों के जरिए लाखों वाहनों और घरों तक गैस की आपूर्ति करता है। CNG के दाम बढ़ने से दिल्लीएनसीआर में ऑटो, टैक्सी और निजी वाहन चालकों के ईंधन खर्च पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।



