
लखनऊ: देशभर में फैल रहा स्वाइन फ्लू अब धीरेधीरे राजधानी लखनऊ में भी अपना कहर बढ़ाता नजर आ रहा है। बलरामपुर अस्पताल में गुरुवार को H1N1 संक्रमित महिला की मौत के एक दिन बाद शुक्रवार को दो और मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। दोनों संक्रमित मरीजों को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है।
नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
RTPCR जांच में दोनों मरीज मिले H1N1 पॉजिटिव
बलरामपुर अस्पताल के निदेशक डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि दोनों मरीजों की RTPCR जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में दोनों के H1N1 वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
दोनों मरीजों का इलाज वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आनंद की निगरानी में किया जा रहा है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई गई है।
स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए रिजर्व किया गया आइसोलेशन वार्ड
लगातार नए मामले सामने आने के बाद बलरामपुर अस्पताल की आइसोलेशन वार्ड बिल्डिंग को स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए रिजर्व कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग भी संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
75 जिलों के DM को अलर्ट रहने के निर्देश
प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए योगी सरकार ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य विभाग के साथ प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाधिकारियों को लगातार स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्वाइन फ्लू के मामलों की नियमित समीक्षा करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा है।
अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। आइसोलेशन वार्ड, जरूरी दवाएं, जांच किट और अन्य चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
संक्रमित मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री भी होगी चेक
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि प्रदेश में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। खासतौर पर दिल्लीNCR से जुड़े जिलों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने की बात सामने आई है।
उन्होंने संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री की जांच करने के निर्देश दिए हैं। जरूरत के अनुसार संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेशन की सलाह भी दी जाएगी।
डिप्टी सीएम ने स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। वह स्वाइन फ्लू की स्थिति को लेकर महानिदेशक कार्यालय भी पहुंचे।
https://twitter.com/brajeshpathakup/status/2093565438911549820?s=20
लक्षण दिखें तो जांच और इलाज में देरी न करें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लक्षण दिखाई देने पर समय रहते डॉक्टर की सलाह लें और आवश्यक जांच कराएं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से घबराने के बजाय समय पर जांच और उपचार कराने पर जोर दिया है।
ः


