
लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ के लाजपत नगर में बड़ा इमामबाड़ा और छोटा इमामबाड़ा के समीप वर्षों से उपेक्षित पड़ी जमीन अब सुगंध और हरियाली से गुलजार हो चुकी है। एलडीए की ओर से विकसित कराए गए फ्रेगरेंस पार्क में महानायकों की प्रतिमाओं के साथ लखनऊ के सांस्कृतिक व कला संग्रहालय का निर्माण भी कराया गया है। इनका लोकार्पण 29 अगस्त को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।
पार्क को उसके नाम के अनुरूप 200 से अधिक प्रजातियों के सुगंधित, सजावटी और औषधीय पौधों से सजाया गया है। यहां रात की रानी, स्टार जैस्मिन, गंधराज, चांदनी, बेला, मोगरा और तुलसी समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। इन पौधों की किस्म और उपयोगिता की जानकारी भी आगंतुकों को दी जा रही है।
शाम होते ही रोशनी से जगमगाता है पार्क
फ्रेगरेंस पार्क में बच्चों के लिए झूले, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, कैफे और इंटरप्रिटेशन सेंटर भी बनाया गया है। इंटरप्रिटेशन सेंटर में वीडियो के माध्यम से पार्क में लगाए गए विभिन्न पौधों और उनकी विशेषताओं की जानकारी दी जाती है। सुरक्षा के लिए सीसी कैमरे भी लगाए गए हैं। शाम होते ही रोशनी से जगमगाता पार्क स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहा है।
उपेक्षित जमीन को मिला नया रूप
स्थानीय लोगों के मुताबिक चारपांच वर्ष पहले तक यह स्थान उपेक्षित पड़ा था। जनहित और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए एलडीए ने इसे आकर्षक पार्क के रूप में विकसित कराया। पार्क में महानायक लाला लाजपत राय और सरदार भगत सिंह की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। ये प्रतिमाएं देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देने के साथ पार्क को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व भी प्रदान करती हैं।


