IndiaUttar Pradesh

गोरखपुर : दसवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में स्कूल प्रबंधक के बेटे पर मामला दर्ज

गोरखपुर : गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र में एक निजी बालिका माध्यमिक विद्यालय की दसवीं कक्षा की छात्रा का चार महीने तक यौन शोषण करने के आरोप में एक स्कूल प्रबंधक के बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि प्रबंधक उसी स्कूल में शिक्षक भी हैं और उनके आरोपी बेटे की तलाश शुरू कर दी गई है। गोला के पुलिस क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार ने बताया, “शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। टीम उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है और जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” 

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने छात्रा को परीक्षा में फेल करने की धमकी दी और गोरखपुर शहर में भविष्य की पढ़ाई का खर्च उठाने का लालच देकर कथित तौर पर लगातार दुष्कर्म किया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, छात्रा अपने दादा, मां और छोटी बहन के साथ गांव में रहती है, जबकि उसके पिता मुंबई में काम करते हैं। करीब चार महीने पहले 29 वर्षीय आरोपी प्रतीक त्रिपाठी ने स्कूल समय के बाद छात्रा को अपने कार्यालय के कक्ष में बुलाया और उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। 

ऑडियो लीक होने से आहत छात्रा ने किया जान देने का प्रयास

आरोपी ने विरोध करने पर उसे परीक्षा में फेल करने और बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद छात्रा के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। आरोप है कि छात्रा के मिलने से इनकार करने पर आरोपी ने फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग ऑनलाइन लीक कर दी, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, छात्रा के दादा शुक्रवार को उसके साथ गोला थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी और उसकी ढाई महीने की बेटी है। 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply