
प्रतापगढ़ अमृत विचार : स्वाइन फ्लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिले में भी स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर है। शुक्रवार सुबह उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई एक ऑनलाइन बैठक में स्वाइन फ्लू की रोकथाम और उपचार की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके बाद जिले में स्वास्थ्य विभाग ने अपनी व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एएन प्रसाद ने बताया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए आइसोलेशन बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, स्वाइन फ्लू के उपचार में उपयोग होने वाली दवाओं की पर्याप्त मात्रा भी सुनिश्चित की गई है।
हालांकि प्रतापगढ़ में स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है। संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए लखनऊ भेजे जा रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग को उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों में जिले में ही स्वाइन फ्लू की जांच शुरू हो जाएगी। इससे जांच रिपोर्ट जल्द प्राप्त होगी और मरीजों का समय पर उपचार संभव हो सकेगा।



