BusinessIndia

PM Kisan Yojana: किसानों के लिए जरूरी खबर! इन वजहों से रुक सकती है किस्त

देश के करोड़ों किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि यानी PMKISAN योजना की किस्त का इंतजार करते हैं. इस योजना के तहत पात्र किसानों को साल में कुल ₹6,000 की आर्थिक मदद दी जाती है. यह रकम तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है. हर किस्त में किसान को ₹2,000 मिलते हैं.

लेकिन सिर्फ PMKISAN में नाम दर्ज होना ही काफी नहीं है. किस्त पाने के लिए किसान को कुछ जरूरी प्रक्रियाएं भी पूरी करनी होती हैं. सरकार के मुताबिक लैंडसीडिंग, बैंक खाते से आधार लिंकिंग और eKYC तीन अहम शर्तें हैं. इनमें से कोई भी काम अधूरा होने पर किस्त का भुगतान रुक सकता है.

1. जमीन की लैंडसीडिंग नहीं हुई

किस्त अटकने की पहली बड़ी वजह लैंडसीडिंग हो सकती है. आसान भाषा में समझें तो किसान की जमीन से जुड़ी जानकारी PMKISAN के रिकॉर्ड में सही तरीके से दर्ज और सत्यापित होनी चाहिए. अगर जमीन का रिकॉर्ड अपडेट नहीं है या योजना के रिकॉर्ड में जमीन से जुड़ी जानकारी पूरी नहीं है, तो किसान की किस्त प्रभावित हो सकती है. सरकार ने भी साफ किया है कि PMKISAN का लाभ लेने के लिए लैंडसीडिंग जरूरी शर्तों में शामिल है.

2. बैंक खाते से आधार लिंक नहीं है

दूसरी बड़ी वजह आधार और बैंक खाते की लिंकिंग हो सकती है. PMKISAN की रकम DBT यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाती है. अगर किसान का बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, तो किस्त का भुगतान अटक सकता है. फरवरी 2026 में सरकार ने लोकसभा में बताया था कि 30,18,361 किसानों के बैंक खातों की आधार सीडिंग लंबित थी. इनमें उत्तर प्रदेश के 10.44 लाख से ज्यादा और बिहार के करीब 1.39 लाख मामले थे.

3. eKYC पूरा नहीं है

किस्त रुकने की तीसरी और बेहद जरूरी वजह eKYC का पूरा नहीं होना है. सरकार ने PMKISAN लाभार्थियों के लिए eKYC को अनिवार्य किया है. किसान PMKISAN की वेबसाइट पर OTP के जरिए eKYC कर सकते हैं. इसके अलावा बायोमेट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा भी उपलब्ध है. अगर ऑनलाइन eKYC में दिक्कत आती है तो नजदीकी CSC सेंटर की मदद ली जा सकती है.

इन वजहों से कितने किसानों का भुगतान रुका?

सरकार की ओर से संसद में दी गई जानकारी के मुताबिक, जरूरी शर्तें पूरी नहीं होने के कारण लैंडसीडिंग से जुड़े 16,52,379, आधारबैंक सीडिंग से जुड़े 23,53,748 और eKYC से जुड़े 32,94,609 लाभार्थियों का भुगतान प्रभावित हुआ था. इससे साफ है कि सिर्फ PMKISAN में रजिस्ट्रेशन होना पर्याप्त नहीं है. किसान को अपने रिकॉर्ड और जरूरी सत्यापन भी पूरा रखना होगा.

किस्त नहीं आई तो ऐसे चेक करें स्टेटस

अगर आपके खाते में PMKISAN की ₹2,000 वाली किस्त नहीं आई है तो सबसे पहले अपना स्टेटस चेक करें. PMKISAN के आधिकारिक पोर्टल पर Know Your Status विकल्प के जरिए भुगतान से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है. यहां किसान भुगतान की स्थिति, बैंक का नाम, UTR नंबर और खाते में पैसा जमा होने की तारीख जैसी जानकारी देख सकते हैं.

साथ ही eKYC, आधारबैंक लिंकिंग और जमीन की लैंडसीडिंग का स्टेटस भी जरूर जांच लें. इनमें से कोई प्रक्रिया अधूरी है तो उसे जल्द पूरा करें, ताकि आगे आने वाली किस्त में परेशानी न हो.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply