अमृतसर : अमृतसर एयरपोर्ट पर रविवार सुबह SpiceJet की फ्लाइट में 17 घंटे की देरी की सूचना मिलने के बाद यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज यात्रियों ने टिकट काउंटर पर हंगामा किया और एयरलाइन कर्मचारियों के साथ बहस की। इस दौरान यात्रियों ने ‘SpiceJet मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए।

यात्रियों के मुताबिक, दुबई जाने वाली फ्लाइट का निर्धारित समय सुबह 8:40 बजे था, जिसे पहले बढ़ाकर सुबह 11 बजे कर दिया गया। इसके बाद यात्रियों को काउंटर पर फ्लाइट के करीब 17 घंटे देरी से चलने की जानकारी दी गई। अचानक देरी की सूचना मिलने से यात्रियों में रोष फैल गया।
एयरपोर्ट पर कुछ यात्री अपने बच्चों के साथ धूप में बैठकर फ्लाइट का इंतजार करते नजर आए। यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन की ओर से उन्हें फ्लाइट में देरी के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। साथ ही कोई जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्या सुनने के लिए सामने नहीं आया।
यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें टिकट के रिफंड को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। इसके अलावा वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था या यात्रियों के ठहरने संबंधी जानकारी भी एयरलाइन की ओर से नहीं दी गई।
एक यात्री ने DGCA के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि फ्लाइट में इस तरह की देरी की स्थिति में यात्रियों को नियमानुसार रिफंड या वैकल्पिक यात्रा की सुविधा मिलनी चाहिए। यात्रियों ने एयरलाइन से फ्लाइट में देरी का स्पष्ट कारण बताने और जल्द से जल्द रिफंड, वैकल्पिक टिकट तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की है।



