BollywoodBusinessChhattisgarhCricketCrimeDelhiDharamHaryanaIndiaTrending

‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, तीसरे हफ्ते कमाई में जबरदस्त उछाल; बजट से कई गुना ज्यादा कमाए

मुंबई : बॉक्स ऑफिस पर इस समय कई बड़े बजट की फिल्मों के बीच एक छोटी सी फिल्म ने ऐसा करिश्मा कर दिखाया है जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। प्रसिद्ध संत नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक शक्तियों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ सिनेमाघरों में तूफान मचा रही है। 31 जुलाई को धीमी शुरुआत करने वाली इस फिल्म ने तीसरे हफ्ते में ऐतिहासिक उछाल दर्ज करते हुए 30 करोड़ रुपये से अधिक का कुल कारोबार कर लिया है। फिल्म के साथसाथ इसके भक्तिमय संगीत को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।
शनिवार को बंपर कमाई, 53% रही थिएटर्स में ऑक्यूपेंसी
सैकनिल्क के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने शनिवार को 9.25 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड तोड़ कमाई की। शनिवार को कुल 4,137 शोज चले और 53 प्रतिशत की जबरदस्त ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। शुक्रवार के 6.25 करोड़ रुपये के कलेक्शन की तुलना में शनिवार की कमाई में 48 फीसदी की भारी बढ़ोतरी देखी गई। इसके साथ ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 27.38 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 30 करोड़ के पार निकल चुका है। महज 1.8 से 2 करोड़ रुपये के सीमित बजट में बनी यह फिल्म अपनी लागत से कई गुना ज्यादा मुनाफा कमाकर ब्लॉकबस्टर साबित हो चुकी है।
10 लाख से शुरू हुआ सफर, 17वें दिन पलटा पूरा खेल
फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही थी। रिलीज के पहले दिन फिल्म ने महज 10 लाख, दूसरे दिन 20 लाख और तीसरे दिन 30 लाख रुपये का ही बिजनेस किया था। शुरुआती 16 दिनों तक फिल्म का दैनिक कलेक्शन लाखों में ही सिमटा रहा, लेकिन 17वें दिन ‘माउथ पब्लिसिटी’ का ऐसा असर दिखा कि फिल्म ने सीधे 2.20 करोड़ रुपये बटोर लिए। इसके बाद 21वें दिन 2.10 करोड़, 22वें दिन 6.25 करोड़ और 23वें दिन 9.25 करोड़ का कलेक्शन कर इसने बड़ेबड़े दिग्गजों को चौंका दिया। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि रविवार को यह आंकड़ा 10 करोड़ रुपये को भी पार कर सकता है।
सेट पर रोज हनुमान चालीसा का पाठ और शुद्ध शाकाहारी खाना
बिना किसी बड़े सुपरस्टार के केवल मजबूत कहानी और आस्था के दम पर चल रही इस फिल्म से जुड़े कई रोचक नियम भी सामने आए हैं। बताया जाता है कि फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर पूरी तरह सात्विक माहौल रखा गया था। सेट पर केवल शुद्ध शाकाहारी भोजन ही परोसा जाता था और हर दिन शूटिंग शुरू होने से पहले पूरी टीम मिलकर हनुमान चालीसा का पाठ करती थी। इसी सकारात्मक ऊर्जा और जनता के अपार समर्थन ने फिल्म को सफलता के नए मुकाम पर पहुंचा दिया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply