Trending

Roger Federer Hall of Fame: हॉल ऑफ फेम में नाम जुड़ा तो छलक पड़े फेडरर के आंसू, पत्नी मिर्का का जिक्र आते ही हुए भावुक

न्यूपोर्ट : टेनिस के महान खिलाड़ियों में शुमार रोजर फेडरर शनिवार को इंटरनेशनल टेनिस ‘हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किए जाने के दौरान भावुक हो गए। अपने करीब 30 मिनट के संबोधन में 20 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन की आंखों से कई बार आंसू छलक पड़े। पत्नी मिर्का का जिक्र आया तो वह खुद को भावुक होने से रोक नहीं सके।

मिर्का द्वारा किए गए स्वागतपरिचय भाषण के बाद फेडरर को मंच पर आमंत्रित किया गया। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने हल्केफुल्के अंदाज में कहा कि इस समय उन्हें रूमाल और धूप के चश्मे की जरूरत है, लेकिन आंसुओं को रोक पाना उनके लिए आसान नहीं है।

45 वर्षीय फेडरर ने कहा कि यह सम्मान इतने ऊंचे स्तर का है कि इसके बाद बोलना आसान नहीं होगा। उन्होंने मजाक करते हुए पत्नी मिर्का से यह भी पूछा कि कहीं उन्होंने इस पूरे कार्यक्रम की तैयारी चुपके से तो नहीं की थी।

बचपन के आदर्श और कोच को किया याद

भावुक क्षणों के बीच फेडरर ने अपने बचपन के आदर्श स्टीफन एडबर्ग और लंबे समय तक उनके कोच रहे सेवेरिन लुथी को भी याद किया। उन्होंने अपने करियर और टेनिस के सफर में साथ देने वाले लोगों के योगदान को भी रेखांकित किया।

‘स्विस मैस्ट्रो’ के नाम से मशहूर फेडरर ने अपने शानदार करियर में 20 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीते। इनमें आठ विंबलडन, छह ऑस्ट्रेलियन ओपन और एक फ्रेंच ओपन खिताब शामिल है।

237 सप्ताह तक रहे दुनिया के नंबर1

फेडरर का टेनिस करियर रिकॉर्ड्स से भरा रहा है। वह लगातार 237 सप्ताह तक एटीपी रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी रहे।

वह करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले केवल आठ पुरुष खिलाड़ियों में शामिल हैं। 2004 से 2008 के बीच उन्होंने लगातार पांच यूएस ओपन खिताब अपने नाम किए। इसके अलावा फेडरर लगातार 10 ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचे, जिनमें से आठ में उन्हें जीत मिली।

हॉल ऑफ फेम के 272वें सदस्य बने फेडरर

फेडरर इंटरनेशनल टेनिस ‘हॉल ऑफ फेम’ में शामिल होने वाले 272वें सदस्य बने। सम्मान मिलने के बाद उन्होंने कहा कि टेनिस के इतिहास में खुद को इस मुकाम पर देखना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि इस खेल की समृद्ध विरासत का हिस्सा बनना उनके लिए बहुत मायने रखता है।

फेडरर के साथ पूर्व खिलाड़ी और प्रसारक मैरी कैरिलो को भी ‘हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किया गया। पहले से हॉल ऑफ फेम की सदस्य बिली जीन किंग ने कैरिलो का परिचय कराया।

69 वर्षीय कैरिलो ने कहा कि हॉल ऑफ फेम के दिग्गजों के बीच खड़े होकर सम्मानित होना उनके सपने से भी बढ़कर है। बिली जीन किंग ने खेल पत्रकारिता में कैरिलो के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने इस क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है और न्यूपोर्ट में भी अपना स्थान अर्जित किया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply