
अमृत विचार : आज देशभर के लोगों ने पीएम मोदी के मन की बात का 137वें एपिसोड को सुना। ये अवसर इसलिए भी खास हैं क्योकि पीएम मोदी ने विदेश में बैठकर देश के लोगों से कुछ खास बातें साँझा की। इतना ही नहीं उन्होंने देश के यंग और टैलेंटेड युवा क्रिएटर्स से कुछ खास अपील भी है आईये जानते हैं पीएम मोदी की कुछ खास बातें
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के युवाओं को नशे से दूर रखने और नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में रविवार को कहा कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान इस समय पूरे देश में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसका लक्ष्य स्पष्ट है नशा मुक्त युवा और ड्रग फ्री इंडिया।
कंटेंट क्रिएटर्स निभा सकते हैं बड़ी जिम्मेदारी
PM मोदी ने युवाओं, विद्यार्थियों, संगीतकारों और थिएटर समूहों से रचनात्मक माध्यमों के जरिए नशे के खिलाफ संदेश देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवा संगीतकार ऐसे गीत तैयार कर सकते हैं, जिनमें नशा मुक्त जीवन का संदेश हो। विद्यार्थी और थिएटर समूह ऐसे लघु नाटक तैयार कर सकते हैं, जो नशे के खतरों के साथसाथ उससे बाहर निकलने का रास्ता भी दिखाएं। उन्होंने कहा कि देश में बेहतरीन कंटेंट क्रिएटर्स की कमी नहीं है और वे अलगअलग भारतीय भाषाओं में ऐसा प्रभावी कंटेंट तैयार कर सकते हैं, जो समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने में मददगार हो।
यूपी के ‘क्लीनअप योद्धाओं’ ने कैसे बदली स्वच्छता की तस्वीर
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में आज स्वच्छता के लिए देश के अलगअलग हिस्सों में हो रहे जनभागीदारी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की सबसे बड़ी खूबी यह है कि जब किसी स्थान को साफ रखने का संकल्प वहां के लोगों का अपना संकल्प बन जाता है, तो बदलाव केवल साफसफाई तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उस जगह की पूरी पहचान बदल जाती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के पटवाई गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि आकाश और रोहन नाम के दो दोस्तों ने अपने आसपास के इलाके को गंदगी से भरा देखा तो उन्होंने खुद सफाई का बीड़ा उठाया। दोनों कचरे के बैग लेकर सफाई अभियान में जुट गये। धीरेधीरे अन्य युवा भी उनके साथ जुड़ते गये और ‘क्लीनअप पटवाई’ नाम से एक टीम बन गयी।
Mission ShaktiSAT की चर्चा की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि आज भारत की बेटियों के सपनों की उड़ान धरती से निकलकर अंतरिक्ष तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि आज भारत की बेटियों के सपनों की उड़ान धरती से निकलकर अंतरिक्ष तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रयास का नाम ‘मिशन शक्तिसैट’ है। इसके माध्यम से 108 देशों की 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक सीखने और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में मिशन शक्तिसैट के दूसरे चरण की शुरुआत हुई।
आय बढ़ाने का नया जरिया एवोकाडो
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि कुछ समय पहले तक एवोकाडो फल को बहुत कम लोग जानते थे और इसकी मांग भी सीमित थी, लेकिन आज यह लोगों की डाइनिंग टेबल तक पहुंच चुका है। उन्होंने आंध्र प्रदेश के कडपा के किसान वरदराज का उदाहरण देते हुए बताया कि वे कई वर्षों से अपने खेत में टमाटर और केले की खेती कर रहे थे। एक दिन उन्होंने अपने दोस्तों के खेत में एवोकाडो की फसल देखी और इसके बाद यूट्यूब के माध्यम से इसकी खेती के बारे में जानकारी हासिल की। वरदराज अब तक करीब चार टन एवोकाडो का उत्पादन कर चुके हैं और स्थानीय दुकानों को सीधे इसकी आपूर्ति कर रहे हैं।
नयी फसल, वैज्ञानिक सलाह और सीधी मार्केटिंग ने उनके छोटे से खेत की आमदनी में बड़ा बदलाव किया है। श्री मोदी ने तमिलनाडु के कोडाइकनाल के किसान चंद्रशेखरन का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि चंद्रशेखरन ने आधा हेक्टेयर जमीन पर एवोकाडो की खेती शुरू की और उन्हें इसके अच्छे दाम मिल रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है। इसी तरह कर्नाटक के चिक्कमगलुरु में कुछ किसानों ने कॉफी के बागानों के बीच एवोकाडो के पौधे लगाये हैं। इससे उन्हें कॉफी और काली मिर्च के साथ अतिरिक्त आय का अवसर मिल रहा है।
8 करोड़ तिरंगा सेल्फी अपलोड, अगस्त देशभक्ति का रंग
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अगस्त महीने को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत बताते हुए कहा है कि इस महीने हर तरफ देशप्रेम के अनेक रंग देखने को मिलते हैं। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस, भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जैसे अवसर इस महीने को विशेष बनाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस हर देशवासी को गर्व से भर देते हैं। वहीं, ‘हर घर तिरंगा अभियान’ देशभक्ति की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के कारण यह वर्ष और भी विशेष हो गया है। उन्होंने कि इस बार आठ करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं, जो देशवासियों के उत्साह और राष्ट्रप्रेम को दर्शाती हैं।



