India

बारिश में फंस गए हैं तो जल्दबाजी न करें, सेफ रहने के लिए बरतें ये सावधानियां

घर से बाहर किसी काम से गए हैं और रास्ते में तेज बारिश, हवाएं चलने लगें तो सिर्फ भीगने से बचने पर फोकस नहीं करना चाहिए या फिर जल्दबाजी में घर पहुंचने की कोशिश करने से बचना चाहिए. इस दौरान सेफ्टी का सबसे ज्यादा ध्यान रखने की जरूरत होती है. अक्सर इस मौसम में कई घटनाएं देखने में आती हैं. आप चाहे पैदल चल रहे हो या फिर टू व्हीलर या फिर कार से हो बेहद जरूरी है कि कुछ सेफ्टी टिप्स फॉलो करें.

मानसून के दौरान अपने साथ कुछ चीजें लेकर जरूर चलना चाहिए जैसे छाता, रेनकोट, प्लास्टिक के ऐसे बैग जो पानी से आपकी जरूरी चीजों को सुरक्षित रखें. इसके अलावा रेन प्रूफ फुटवियर कैरी करने चाहिए. अपने साथ एक्स्ट्रा स्टोल भी रखें. अब जान लेते हैं कि बारिश में फंसने के दौरान और कौन सी सावधानियां बरतना जरूरी होता है.

किसी सुरक्षित जगह पर रुकें

बारिश के दौरान तेज चलने की बजाय किसी सुरक्षित जगह पर रुक जाएं जैसे किसी दुकान के अंदर, मजबूत शेड में या फिर मेट्रो स्टेशन, कोई भी पक्की इमारत जैसी जगहें सही रहती हैं. इस दौरान कोशिश करें कि अपने घर पर जानकारी दे दें कि आप कहां पर हैं.

जल्दबाजी में चलने से बचें

बारिश तेज हो तो जगहजगह पानी भर जाता है. ऐसे में ये पता करना मुश्किल रहता है कि कहीं पर गहरा गड्ढा या फिर खुला नाला तो नहीं है. ऐसी सिचुएशन में अगर चलना जरूरी है तो आप गाड़ी से हो या फिर पैदल, अपनी स्पीड को स्लो रखें ताकि दुर्घटना से बचा जा सके. पैदल हैं तो वाहनों से दूरी बनाकर रखना जरूरी होता है.

किन जगहों से बनाएं दूरी

तेज बारिश और आंधी के दौरान पेड़, बिजली के खंभे, दूर तक खुले मैदान, सिंगल दीवार टीन की छत, ट्रांसफार्मर, जर्जर इमारतों आदि के पास ठहरने से बचना चाहिए. अक्सर इस मौसम में इस तरह के हादसे देखने में आते हैं जैसे करंट लगना, दीवार गिर जाना और पेड़ों का जड़ से उखड़ जाना. ऐसी जगह पर हैं तो जल्दी से जल्दी निकलने की कोशिश करें.

खुले मैदान में होने पर क्या करें?

अगर आप बारिश के दौरान किसी खुले मैदान में हैं तो तुरंत सबसे पहले बिल्कुल पास की सुरक्षित जगह पर जाने की कोशिश करें. अगर आप ऐसा नहीं कर सकते हैं तो जमीन पर उकड़ू में बैठ जाएं और अपने कानों को हाथों से ढक लें. कोशिश करें कि आपका शरीर जमीन से कम से कम छुए. ज्यादा लोग हैं तो एक दूसरे से दूरी बनाकर रखें. दरअसल खुली जगह पर बिजली गिरने का खतरा सबसे ज्यादा होता है और आसपास कोई इलेक्ट्रिक लाइन हो तो करंट का खतरा भी बढ़ जाता है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply