IndiaTrendingUttar Pradesh

दिल्ली में निर्भया कांड की यादें हुईं ताजा, स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप, चालक-कंडक्टर गिरफ्तार

नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के कश्मीरी गेट के बीच चलने वाली एक स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ चालक और कंडक्टर ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना 4 अगस्त 2026 की बताई जा रही है। मामले में कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा की छात्रा है। पुलिस के अनुसार, वह 3 अगस्त को अपनी मां की डांट से नाराज होकर घर से बिना बताए निकल गई थी। उसका इरादा नोएडा के सेक्टर63 में रहने वाले अपने चचेरे भाई के घर जाने का था।

घर से निकलने के बाद छात्रा ग्रेटर नोएडा पहुंची और वहां से दिल्ली जाने वाली स्लीपर बस में सवार हुई। आरोप है कि इसी दौरान बस के चालक और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बस को कब्जे में लेकर मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।

चलती बस में नाबालिग छात्रा के साथ हुई इस वारदात ने 16 दिसंबर 2012 के निर्भया कांड की भयावह यादें ताजा कर दी हैं। उस समय दक्षिण दिल्ली के वसंत विहार इलाके में चलती बस में 23 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। इसके बाद आरोपियों ने उसे और उसके साथी को सड़क पर फेंक दिया था। गंभीर रूप से घायल निर्भया की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

इस मामले में छह आरोपी पकड़े गए थे। मुख्य आरोपियों में अक्षय ठाकुर, मुकेश सिंह, विनय शर्मा और पवन गुप्ता शामिल थे। एक आरोपी राम सिंह ने जेल में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी, जबकि एक नाबालिग आरोपी को कानून के तहत सुधार गृह में रखने के बाद रिहा कर दिया गया था। बाकी चार दोषियों को 20 मार्च 2020 की सुबह 5:30 बजे तिहाड़ जेल में फांसी दी गई थी।

नए मामले ने एक बार फिर दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply