TrendingUttar Pradesh

​कार सिखाने के बहाने किशोरी से छेड़छाड़, गुस्साई भीड़ ने चालक को पीटा, आधा सिर मुंडवाकर गली में घुमाया

कानपुर,अमृत विचार :  रावतपुर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ के आरोप में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। किशोरी के परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाकाई लोग आक्रोशित हो गए और कार चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि भीड़ ने युवक का आधा सिर भी मुंडवा दिया और उसे गली में घुमाया। 

सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। रावतपुर के एक मोहल्ले में रहने वाले व्यक्ति ने अपनी 17 वर्षीय बेटी को कार चलाना सिखाने के लिए अपने कार चालक को जिम्मेदारी दी थी। बताया जा रहा है कि चालक करीब एक सप्ताह से किशोरी को कार चलाने का प्रशिक्षण दे रहा था। सोमवार को प्रशिक्षण के दौरान चालक पर किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा। 

किशोरी ने घर पहुंचकर स्वजन को पूरी बात बताई। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग आक्रोशित हो गए और आसपास के लोगों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद लोगों ने आरोपित चालक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने युवक के सिर के आधे हिस्से के बाल भी मुंडवा दिए। इसके बाद उसे गली में घुमाया गया। 

घटना की जानकारी मिलने पर रावतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई। किशोरी के साथ छेड़छाड़ के आरोपों की जांच की जा रही है। साथ ही युवक के साथ हुई मारपीट और उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने के मामले की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply