
लखनऊ, अमृत विचारः यूपी पुलिस ने हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के पांचवें दिन दो आरोपियों का एनकाउंटर करके एक बार फिर अपराधियों को बड़ा संदेश दिया है। एडीजी एल.ओ. एवं एसटीएफ चीफ अमिताभ यश ने एनकाउंटर के बाद स्पष्ट शब्दों में संदेश देते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति चल रही है, अच्छा होगा कि इस नीति को लेकर कोई टेस्ट न करे।
बतादें कि अपनी कार्रवाई के लिए पूरे देश में मशहूर यूपी पुलिस की साख पर हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद बट्टा लगना शुरू हो गया था। राजनीतिक दलों ने भी इस हत्याकांड पर राजनीतिक रोटियां सेकनी शुरू कर दी थी। ऐसे में यूपी पुलिस और एसटीएफ बहुत दबाव महसूस कर रही थी। लगभग साढ़े नौ वर्षों से यूपी पुलिस की कार्यशैली बुलंदियों पर थी,जिसकी चर्चा हो रही थी, लेकिन इस घटना के बाद यूपी पुलिस आलोचनाओं में घिरने लगी। ऐसे में पांच दिनों के भीतर हत्यारों को तलाशना और एनकाउंटर को अंजाम देना यूपी पुलिस के इकबाल का सवाल बनता जा रहा था।
लखनऊ से चंडीगढ़ तक होती रही यूपी पुलिस की चर्चा
गायक अंकित बालियान के हत्यारों के एनकाउंटर में ढेर होते ही यूपी की राजधानी लखनऊ से लेकर चंडीगढ़ तक यूपी पुलिस की चर्चाएं शुरू हो गईं। चूंकि हत्यारे हरियाणा से थे, इसलिए हरियाणा में इस हत्याकांड और एनकाउंटर को लेकर दिनभर हरियाणा में सोशल मीडिया पर चर्चाएं होती रहीं। सोशल मीडिया पर रील्स और मीम्स भी खूब चले। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सोशल मीडिया पर विपक्षियों को जवाब दिया।
हत्याकांड में शामिल दो आरोपी एनकाउंटर में ढेर
शामली में हुए गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को यूपी पुलिस ने सोमवार की सुबह एनकाउंटर में ढेर कर दिया। डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि इस एनकाउंटर में यूपी पुलिस के दो हेड कांस्टेबल गोली लगने से घायल हुए हैं। डीजीपी ने इसे साहसिक कृत्य मानते हुए टीम में शामिल पुलिस कर्मियों को दो लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की है। बता दें कि इस हत्याकांड की चर्चा यूपी से लेकर हरियाणा तक थी। यूपी का राजनीतिक तापमान भी गर्म हो गया था।


