TrendingUttar Pradesh

​प्रतापगढ़ में सपा नेता पर पुलिस का शिकंजा, गिरफ्तारी के लिए 25 हजार का इनाम घोषित

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में समाजवादी पार्टी के लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संदीप विश्वकर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लीलापुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर सिंधौर गांव से जुड़े मामले में पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही संदीप विश्वकर्मा फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, पुलिस से नोकझोंक और एससीएसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पोस्टमार्टम हाउस में मारपीट का आरोप

यह मामला आपूर्ति विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर रहे सौरभ विश्वकर्मा उर्फ मोनू की हत्या के बाद सामने आया। सौरभ की 13 अगस्त की रात आपसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते पीटपीटकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि वह बाइक से लालगंज से अपने घर लौट रहे थे।

हत्याकांड के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान अविनाश सरोज ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पोस्टमार्टम हाउस में संदीप विश्वकर्मा ने उनके साथ मारपीट और गालीगलौज की। इसके अलावा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने संदीप विश्वकर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास, एससीएसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित

मुकदमा दर्ज होने के बाद से संदीप विश्वकर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा के मुताबिक, आरोपी की तलाश में तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कार्रवाई के तहत फरार संदीप विश्वकर्मा की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply