
मृतक कार्तिक यादव उर्फ अभिषेक (फाइल फोटो).
गोरखपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने लड़की के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर जहर खाकर जान दे दी. बताया जा रहा कि जहर खाने से पहले युवक ने वीडियो बनाया और कहा कि, “अब तुम्हारे शहर में जहर खाकर जान दे रहा हूं. अब तुम्हें कोई परेशानी नहीं होगी.” इसके बाद युवक सड़क पर कुछ देर तक तड़पता रहा और फिर उसकी मौत हो गई. पूरा मामला गोरखनाथ थाना क्षेत्र के सुभाष नगर कॉलोनी का है.
दरअसल, सोमवार सुबह सुभाष नगर कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब बलिया के रहने वाले कार्तिक यादव उर्फ अभिषेक (25) ने एकतरफा प्यार में लड़की के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर सड़क पर ही जहर खाकर जान दे दी. आज सुबह मृतक कार्तिक यादव बलिया से करीब 110 किलोमीटर की दूरी पर रहने वाली छात्रा के मोहल्ले के पास पहुंचा. फिर यहीं उसने जहर खा लिया.
रास्ते में छात्रा को छेड़ता था कार्तिक
पुलिस की मानें तो मृतक कार्तिक यादव उर्फ अभिषेक तिवारीपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग छात्रा से एकतरफा प्यार करता था. रास्ते में आते-जाते वह अक्सर छात्रा को छेड़ता रहता था. छात्रा के पिता ने कार्तिक के खिलाफ तिवारीपुर थाने में सितंबर 2024 में मुकदमा भी दर्ज कराया था. इसी शिकायत पर पुलिस ने 3 नवंबर 2024 की रात डोमिनगढ़ के पास से उसे गिरफ्तार किया था. आज सुबह कार्तिक ने एकतरफा प्यार में जहर खाकर जान दे दी.
सूचना पर पहुंची गोरखनाथ पुलिस को कार्तिक के मोबाइल से दो वीडियो मिले. यह वीडियो उसने जहर खाते समय बनाए थे. कार्तिक के शव के पास से ही जहर का रैपर भी मिला. छात्रा के परिजनों के बताया कि कई महीनों से कार्तिक छात्रा को परेशान कर रहा था. छात्रा सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पढ़ने जाती है.
इंस्टा पर छात्रा का फोटो किया था वायरल
इसी दौरान कार्तिक आते-जाते उसका पीछा करता था, उसे छेड़ता था. परिजनों के अनुसार, छात्रा जब उसे ऐसा करने से मना करती थी तो वह उसके भाई की हत्या की धमकी देता था. बताया जा रहा कि कार्तिक ने छात्रा का फोटो इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया था. इसको लेकर उसके खिलाफ 10 सितंबर 2024 को केस भी दर्ज हुआ था.



