देश के FMCG यानी रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले सामान के बाजार में रिलायंस इंडस्ट्रीज अब एक और बड़े सेगमेंट में उतर गई है. कंपनी ने सोमवार को आइसक्रीम बाजार में एंट्री का ऐलान किया. रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने Bombay Creamery नाम से अपना नया आइसक्रीम ब्रांड लॉन्च किया है.

RCPL, रिलायंस इंडस्ट्रीज की कंज्यूमर प्रोडक्ट्स कंपनी है. कंपनी का कहना है कि Bombay Creamery की आइसक्रीम असली डेयरी सामग्री से तैयार की जाएगी. इसे भारत का पहला ऐसा ब्रांड बताया गया है, जो प्रीमियम क्वालिटी और आम लोगों की पहुंच वाली कीमत के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करेगा.
FMCG सेक्टर में मौजूदगी
कंपनी ने कहा कि Bombay Creamery को देशभर में अपने मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और बड़े रिटेल नेटवर्क का फायदा मिलेगा. रिलायंस के पास पहले से ही FMCG सेक्टर में मजबूत मौजूदगी है. अब कंपनी आइसक्रीम बाजार में भी लंबे समय तक कारोबार करने की तैयारी में है. RCPL के डायरेक्टर टी कृष्णकुमार ने कहा कि Bombay Creamery के पीछे एक सीधी सोच है कि डेयरी प्रोडक्ट बनाने में किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि कंपनी सिर्फ आइसक्रीम बाजार में प्रवेश नहीं कर रही है, बल्कि इस सेगमेंट के लिए लंबे समय की योजना के साथ आई है.
उपलब्ध होंगी कई तरह की आइसक्रीम
Bombay Creamery की रेंज में कई तरह की आइसक्रीम उपलब्ध होगी. इसमें कोन, कप, टब, बार और स्टिक जैसे विकल्प शामिल हैं. खास बात यह है कि इसकी शुरुआती कीमत सिर्फ 10 रुपये रखी गई है. यानी कंपनी प्रीमियम क्वालिटी वाली आइसक्रीम को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है. फिलहाल Bombay Creamery को पश्चिमी भारत में उपलब्ध कराया जाएगा. इसके बाद कंपनी इसे धीरेधीरे देश के दूसरे हिस्सों में भी लॉन्च करेगी. आने वाले समय में यह ब्रांड पूरे भारत में दिखाई दे सकता है.
2023 से ही चल रही थी चर्चा
रिलायंस की आइसक्रीम बाजार में एंट्री अचानक नहीं हुई है. कंपनी के इस सेगमेंट में आने की चर्चा साल 2023 से ही चल रही थी. उस समय खबरें थीं कि RCPL गुजरात की एक कंपनी के साथ मिलकर आइसक्रीम ब्रांड शुरू करने की तैयारी कर रही है. रिलायंस इससे पहले भी FMCG और पेय पदार्थों के बाजार में तेजी से विस्तार कर चुकी है. कंपनी ने Campa जैसे ब्रांड के जरिए कोल्ड ड्रिंक बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत की है. अब आइसक्रीम के क्षेत्र में Bombay Creamery के जरिए कंपनी का मुकाबला पहले से मौजूद बड़े ब्रांड्स से होगा.



