शामली : हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में दो आरोपियों के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद यूपी पुलिस की कार्रवाई का खौफ अब हरियाणा के गैंगस्टरों में भी दिखाई दे रहा है। हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आए करनाल जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर राकेश कादियान उर्फ पम्पू ने कोर्ट में ऐसी अर्जी लगाई है, जिसने सबका ध्यान खींचा है।

शामली पुलिस द्वारा बी वारंट के जरिए राकेश कादियान को अपनी कस्टडी में लेने की तैयारी के बीच गैंगस्टर ने कोर्ट से मांग की है कि उसे बेड़ियों में जकड़कर ही यूपी पुलिस के हवाले किया जाए। साथ ही उसने मांग की है कि यूपी पुलिस की कस्टडी में रहने के दौरान हर एक मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए। उसका कहना है कि इससे पुलिस उसके फरार होने या एनकाउंटर की कहानी नहीं बना सकेगी।
राकेश कादियान उर्फ पम्पू हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है और कुख्यात अपराधी बताया जाता है। वह करीब 16 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय है और अपना पम्पू गैंग चलाता है। पुलिस के मुताबिक उसके संबंध लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गैंग से भी बताए जाते हैं।
अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो कथित शूटरों सुमित और मोहित को शामली पुलिस और यूपी एसटीएफ पहले ही मुठभेड़ में मार गिरा चुकी है। इसके बाद पम्पू समेत अन्य आरोपियों में पुलिस कार्रवाई को लेकर डर का माहौल बताया जा रहा है।
शामली में 26 अगस्त की शाम हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद गोगी गैंग के राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट डाली थी।
मामले के खुलासे के लिए शामली पुलिस के साथ यूपी एसटीएफ की टीम को भी लगाया गया था। इसी कार्रवाई के दौरान सोमवार सुबह पुलिस और एसटीएफ ने कथित तौर पर हत्याकांड में शामिल दो शूटरों सुमित और मोहित को मुठभेड़ में मार गिराया। वहीं, वारदात में शामिल बताए जा रहे सत्यम और आर्यन अभी फरार हैं।
यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण के मुताबिक, अंकित बालियान की हत्या की पूरी साजिश गोगी गैंग के राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया, करनाल जेल में बंद पम्पू गैंग के राकेश कादियान उर्फ पम्पू और तिहाड़ जेल में बंद गोगी गैंग के रोहित मुई ने मिलकर रची थी।
पुलिस के मुताबिक, वारदात की प्लानिंग में शामिल भोलू, मोंटी और चिराग फिलहाल कनाडा में हैं। पुलिस अब हत्याकांड की साजिश से जुड़े अन्य आरोपियों और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
एसटीएफ के एएसपी ब्रजेश सिंह के अनुसार, अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में राकेश कादियान उर्फ पम्पू का नाम सामने आया है। उसे बी वारंट पर लेने की कार्रवाई शामली पुलिस कर रही है।
इसी बीच पम्पू की ओर से कोर्ट में दाखिल अर्जी में बेड़ियों में जकड़कर यूपी पुलिस को सौंपने और कस्टडी के दौरान लगातार वीडियो रिकॉर्डिंग कराने की मांग की गई है। अब कोर्ट के फैसले पर नजर है कि गैंगस्टर को किस प्रक्रिया के तहत शामली पुलिस की कस्टडी में सौंपा जाता है।



