
सीतापुर, अमृत विचार। जनसुनवाई पोर्टल पर मिलने वाली शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण में सीतापुर पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर कीर्तिमान स्थापित किया है। माह अगस्त की जारी रैंकिंग में जिले के 24 थानों ने 100 में से 100 अंक हासिल कर प्रदेश भर में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज कराया है।
शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर भी फोकस
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के मुताबिक, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी व नोडल अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह के निकट पर्यवेक्षण में यह उपलब्धि हासिल हुई। जिले व थाना स्तर पर गठित आईजीआरएस सेल द्वारा प्राप्त प्रार्थना पत्रों का न सिर्फ समयबद्ध समाधान कराया गया, बल्कि आवेदकों से संपर्क कर उनकी संतुष्टि का फीडबैक भी लिया गया शासन की प्राथमिकताओं और ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महिलाओं से जुड़े अपराधों व पारिवारिक विवादों में तत्परता से निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
रैंकिंग में शतप्रतिशत अंक पाकर प्रथम रहने वाले थानों में कोतवाली नगर, खैराबाद, महोली, मिश्रिख, सिधौली, बिसवां, महमूदाबाद, लहरपुर, महिला थाना, अटरिया, कमलापुर, इमलिया सुल्तानपुर, मानपुर, तालगांव, थानगांव, नैमिषारण्य, मछरेहटा, रामकोट, रामपुरकलां, रामपुर मथुरा, रेउसा, संदना, सदरपुर और हरगांव शामिल हैं।



