जसवंतनगर : थाना क्षेत्र के ग्राम चांदनपुर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक 30 वर्षीय विवाहित महिला ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.मृतका की पहचान अंचला उर्फ रिंकी पत्नी यतेंद्र कुमार के रूप में हुई है.घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
परिजनों के अनुसार अंचला अपने पति और दो छोटे बच्चों के साथ गांव में ही परिवार से अलग मकान में रहती थी.मृतका के पति यतेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात परिवार ने साथ बैठकर हंसी-खुशी भोजन किया और फिर सो गए. मंगलवार सुबह करीब चार बजे दोनों जागे, जिसके बाद अंचला घरेलू कार्यों में लग गई.
वहीं यतेंद्र कुमार अपने दोनों बच्चों—बड़ी बेटी जानवी (8 वर्ष) और बेटे आरव (4 वर्ष)—को लेकर खेतों की ओर टहलने चले गए. करीब साढ़े सात बजे जब वह घर लौटे तो कमरे का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। अंचला साड़ी के पल्लू के सहारे पंखे से फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी. शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



