CrimeIndia

अमेठी में रोडवेज कर्मचारी से मारपीट, 5 हजार छीने जाने का आरोप; कोतवाली में तहरीर

अमेठी: एक रोडवेज कर्मचारी के साथ मारपीट और रुपये छीनने का मामला सामने आया है. टिकरी गांव निवासी मोहम्मद शरीफ ने अमेठी कोतवाली में एक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़ित बुजुर्ग अमेठी रोडवेज में कर्मचारी बताए जा रहे हैं.

मोहम्मद शरीफ के अनुसार, उन्होंने आरोपी युवक को लगभग ₹60,000 उधार दिए थे. जब भी वह अपने पैसे वापस मांगते हैं, युवक पैसे देने से इनकार करता है और उनके साथ मारपीट करने लगता है. पीड़ित ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने किराए के कमरे से बाजार की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सड़क पर खड़े युवक ने उन्हें देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी.

युवक ने कथित तौर पर कहा कि, “तुम कहते हो हमने ₹60,000 उधार लिए हैं, जो करना है कर लो, मैं पैसे नहीं दूंगा.” आरोप है कि इसके बाद युवक ने मोहम्मद शरीफ को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और उनकी जेब में खरीदारी के लिए रखे ₹5,000 छीन लिए.

घटना के बाद पीड़ित अमेठी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इस संबंध में अमेठी कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि पीड़ित द्वारा लिखित तहरीर प्राप्त हुई है. मामला जांच का विषय है और जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply