Jaipur Crime News : जयपुर। राजधानी के शिप्रापथ थाना इलाके में युवक पर दौड़ाकर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। बदमाशों द्वारा युवक का पीछा कर गोली चलाने की घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें आरोपी हथियार लेकर भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर सहित चार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
शिप्रापथ थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि सेंट विल्फ्रेड कॉलेज के पास स्थित कैफे आरजे-21 पर ऋतिक निठारवाल बैठा था। इसी दौरान स्विफ्ट कार में आए चार बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। कार से उतरते ही आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर ऋतिक पर तान दी। जान बचाने के लिए ऋतिक मौके से भागा तो बदमाश भी उसके पीछे दौड़ पड़े और सड़क पर पीछा करते हुए फायरिंग कर दी। गोली उसके पास से निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। हंगामा होने पर आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि फायरिंग करने वालों में अशोक, रवि पंडित, शशांक और उनका एक साथी शामिल है। रवि पंडित मानसरोवर और अशोक चंदवाजी थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, जबकि शशांक पर भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार पीड़ित ऋतिक रेंटल गाड़ियों का व्यवसाय करता है और उसका आरोपी अशोक से रुपए के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में बदमाश उसे धमकाने के लिए आए थे। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
The post Jaipur Crime News : शिप्रापथ इलाके में युवक पर दौड़ाकर फायरिंग, हिस्ट्रीशीटर समेत 4 बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस appeared first on Jago India Jago.



