
निशातगंज स्थित पेपरमिल कालोनी में रविवार को यूपी पुलिस के मुख्य आरक्षी हिमांशु श्रीवास्तव ने सिर पर रॉड मारकर पत्नी रश्मि की हत्या कर दी।
साला सौरभ श्रीवास्तव मौके पर पहुंचा तो गोद में एक वर्षीय बेटे को लेकर आरोपित फर्श पर रश्मि के खून से लथपथ शव के पास बैठा मिला। सौरभ की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसीपी महानगर अंकित सिंह ने बताया कि आरोपित हिमांशु श्रीवास्तव 2011 बैच का मुख्य आरक्षी है और वर्तमान में डालीगंज स्थित सूचना अधिकार प्रकोष्ठ कार्यालय में तैनात था। वह पिछले करीब ढाई वर्ष से पेपरमिल इलाके में डॉक्टर एमएम श्रीवास्तव के मकान में किराये पर पत्नी रश्मि के साथ रह रहा था।
सिर पर रॉड मारकर की हत्या
रविवार को पति-पत्नी में किसी बात पर विवाद हुआ। हिमांशु ने सिर पर रॉड से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद भी वह घर पर ही रहा और एक वर्षीय बेटे को लेकर मकान मालिक के पास जाकर इधर-उधर की बातें करने लगा। संदेह होने पर रश्मि के बारे में पूछा तो बोला कि उसे चोट लग गई है।
इसके बाद वह कमरे में गया और शव के पास बैठ गया। कुछ देर बाद साला सौरभ पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपित से पूछताछ के साथ वारदात में प्रयुक्त वस्तु और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
2015 में हुई थी शादी
मूल रूप से अंबेडकरनगर के मालीपुर तहापुर निवासी रश्मि के भाई सौरभ श्रीवास्तव के मुताबिक, बहन की शादी वर्ष 2015 में अयोध्या निवासी हिमांशु से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होता था। परिवार अक्सर रश्मि को ही समझाकर मामला शांत कराता था।
रविवार दोपहर करीब तीन बजे छोटे भाई आदर्श ने फोन कर बहन की तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। सौरभ घर पहुंचे तो रश्मि फर्श पर पड़ी थी और हिमांशु उसके पास बैठा था। सिर के आसपास खून था और रश्मि की सांस नहीं चल रही थी। हिमांशु से पूछने पर वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बच्चे को दो घंटे तक घुमाया
पुलिस ने बताया कि हत्या का समय अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि घटना शनिवार देर रात की लग रही है क्योंकि वह दो घंटे तक बच्चे को साथ लेकर बाहर घूमा और फिर घर आया था। पुलिस के अनुसार हिमांशु बार-बार बयान बदलता रहा। पुलिस जब उसे मेडिकल के लिए ले जाने लगी तो उसने तबीयत खराब होने का नाटक किया।



