-1788729916083_v.webp)
ब्राह्मणवास गांव में रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे एक बेटे ने संपत्ति विवाद में गला घोंटकर अपनी मां पिंकी (40) की हत्या कर दी। पिंकी की गर्दन पर दाव से हमले के तीन निशान भी मिले हैं। इस संबंध में महिला के पिता पानीपत के इसराना ब्लाक के गांव बांध निवासी रामनिवास ने पुलिस को शिकायत दी है।
पुलिस ने आरोपित बेटे प्रिंस और पति देवेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रामनिवास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेना से रिटायर्ड हैं। उन्होंने पिंकी की शादी 2002 में गांव ब्राह्मणवास निवासी देवेंद्र से की थी। अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज दिया था।
शादी के कुछ दिन बाद से ही देवेंद्र और उसके परिवार वालों ने बेटी को शादी में कम दहेज लाने को लेकर परेशान करना शुरू कर दिया था और उसके साथ कई बार मारपीट भी की। इस बारे में कई बार पंचायत हुई। हालांकि, आरोपित अपनी गलती मान लेते थे।
वह अपनी बेटी को ससुराल भेज देते थे। अभी देवेंद्र का परिवार सोनीपत में रह रहा है और वह खुद गुजरात में निजी नौकरी करता है। उनकी बेटी रोहतक के ब्राह्मणवास गांव के घर में ही रह रही थी। रामनिवास ने बताया कि उनकी बेटी 25 अगस्त को घर आई थी।
तब उसने कहा था कि वह अपने बेटे प्रिंस और पति देवेंद्र से परेशान हैं। जिस मकान में वह रह रही हैं, पति और बेटा मिलकर उस मकान को बेचना चाहते हैं। अगर कोई अनहोनी हुई तो इसका जिम्मेदार प्रिंस और देवेंद्र होगा। उनके साथ सास-ससुर भी मिले हुए हैं। रामनिवास ने कहा कि अपने पिता के कहने पर आरोपित प्रिंस ने उनकी बेटी की हत्या की है।



