
सतांव/रायबरेली, अमृत विचार। रायबरेली के गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को अलगअलग स्थानों पर नवजात शिशुओं के शव मिलने से हड़कंप मच गया। पहली घटना बांदाबहराइच राजमार्ग स्थित कोन्सा सई पुल के नीचे हुई, जबकि दूसरी घटना बखरी गांव के पास नहर किनारे सामने आई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे राहगीरों ने कोन्सा सईं पुल के नीचे गमछे में लिपटा नवजात का शव पड़ा देखा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गमछा खोलकर देखा तो उसमें नवजात बच्ची का शव था। शव के पास एक सर्जिकल कैंची भी मिली। प्रथमदृष्टया नवजात बच्ची के सभी अंग विकसित दिखाई दे रहे थे। शव के पास कैंची मिलने के कारण पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
वहीं अपराह्न करीब तीन बजे बखरी गांव के समीप नहर किनारे झाड़ियों में एक अन्य नवजात शिशु का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ करने के बाद शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा घटनाओं का राज
दोनों नवजातों के शव वहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचे, इसका पता पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। घटनाओं को लेकर क्षेत्र में तरहतरह की चर्चाएं हैं। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



-1788579519437_v.webp)