Kannauj News: उत्तर प्रदेश में कन्नौज जिले के सौरिख क्षेत्र के खड़नी में एक एक्सरे सेंटर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा है. परिजनों का आरोप है कि अनट्रेंड स्टाफ द्वारा बच्चे के पैर में गलत तरीके से प्लास्टर बांधने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और संक्रमण फैलने से आखिरकार दो साल के मासूम का पैर काटना पड़ा. मामले में पीड़ित परिवार ने एक्सरे सेंटर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पीड़ित पिता पुष्पेंद्र के मुताबिक, उनका दो साल का बच्चा छत से गिर गया था. हादसे के बाद परिजन बच्चे को खड़नी स्थित अयांश एक्सरे सेंटर लेकर पहुंचे. वहां एक्सरे कराने पर बच्चे के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई. पिता का आरोप है कि एक्सरे सेंटर के कर्मचारियों ने ही बच्चे के पैर में प्लास्टर बांध दिया. आरोप है कि प्लास्टर गलत तरीके से बांधे जाने के कारण पैर में रक्त संचार प्रभावित हो गया. इसके बाद बच्चे के पैर में गंभीर संक्रमण फैल गया और उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई.
पिता ने की सख्त कार्रवाई की मांग
परिजनों के मुताबिक, बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने बच्चे की जान बचाने के लिए उसका पैर काटने का फैसला लिया. इसके बाद मासूम को अपना पैर गंवाना पड़ा. घटना के बाद पीड़ित पिता ने एक्सरे सेंटर संचालकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि इलाज जैसे संवेदनशील काम में बिना प्रशिक्षित कर्मचारियों से इस तरह का काम कराया जाना बेहद गंभीर मामला है. परिवार ने मांग की है कि जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जिंदगी खतरे में न पड़े.
जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हुआ है. एसडीएम ने सीएमओ को मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. अब स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चे के इलाज में वास्तव में किस स्तर पर लापरवाही हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है. फिलहाल पीड़ित परिवार न्याय और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है. वहीं, प्रशासनिक जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.


