
परिवार हमारे जीवन की वह पहली पाठशाला है, जहां से हमें प्रेम, विश्वास, सहयोग और रिश्तों की अहमियत सीखने को मिलती है, लेकिन बदलती जीवनशैली, बढ़ती व्यस्तता और आपसी अपेक्षाओं के कारण आज पारिवारिक रिश्तों में तनाव और दूरियां भी बढ़ रही हैं। सुखी परिवार केवल साथ रहने से नहीं, बल्कि एकदूसरे को समझने, सम्मान देने और जिम्मेदारियों को मिलकर निभाने से बनता है। पतिपत्नी के बीच संवाद, भावनात्मक समझ और साझेदारी न केवल वैवाहिक जीवन को मजबूत बनाती है, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व और उनके भविष्य पर भी गहरा प्रभाव डालती है। इसलिए मजबूत परिवार के लिए रिश्तों की सही समझ बेहद जरूरी है।
समाज में बढ़ते वैवाहिक तनाव, टूटते रिश्ते और परिवारों में बढ़ती दूरियों ने एक गंभीर प्रश्न खड़ा कर दिया है क्या केवल पढ़ाई, नौकरी और आर्थिक सफलता ही एक सफल वैवाहिक जीवन की गारंटी है?
उत्तर है नहीं।
एक स्वस्थ रिश्ता तब बनता है, जब कोई एक व्यक्ति स्वयं को श्रेष्ठ सिद्ध करने की कोशिश न करे। रिश्ते में जीतने की नहीं, साथ चलने की आवश्यकता होती है। जहां अहंकार कम और सहयोग अधिक होता है, वहां विश्वास स्वतः विकसित होता है।
शादी से पहले खुद को समझें
जीवनसाथी बनने से पहले सबसे अधिक आवश्यकता है व्यक्तित्व प्रबंधन की। डिग्री हमें रोजगार दिला सकती है, लेकिन स्वस्थ व्यक्तित्व ही रिश्तों को निभाना सिखाता है। हर वैवाहिक विवाद केवल व्यक्तित्व की कमी से नहीं होता, आर्थिक परिस्थितियां, स्वास्थ्य, पारिवारिक दबाव और अन्य कारण भी भूमिका इसमें निभा सकते हैं। फिर भी, व्यक्तित्व विकास और संवाद कौशल स्वस्थ संबंधों की मजबूत नींव बन सकते हैं।
‘मैं’ से ‘हम’ तक का सफर
विवाह से पहले अहंकार और कुंठा से मुक्ति पाने के लिए आत्मचिंतन, खुली बातचीत और सहानुभूति को अपनाना सबसे प्रभावी कदम है। यह दृष्टिकोण न केवल मानसिक शांति देता है, बल्कि भावी जीवनसाथी के साथ एक मजबूत और स्वस्थ रिश्ते की नींव भी रखता है। इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए इन व्यावहारिक तरीकों को अपनाएं
अहंकार को त्याग कर ‘मैं’ को ‘हम’ में बदलें।
साथी की बात को बिना किसी पूर्वाग्रह के सुनें।
गलती होने पर तुरंत और स्पष्ट रूप से माफी मांगें।
कुंठा से निजात पाएं।
फिल्मों या समाज से बनाई गई ‘परफेक्ट’ जीवन की अवास्तविक उम्मीदों से बचें।
स्वयं से प्यार और सम्मान करें।
प्रीमैट्रिकल काउंसलिंग: किसी विशेषज्ञ या काउंसलर से मिलकर अपने विचारों, डर और अपेक्षाओं पर खुलकर चर्चा करें।
बच्चों के भविष्य की नींव
मातापिता बनने का निर्णय भी केवल जैविक नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। जब पतिपत्नी परस्पर सम्मान, विश्वास, ईमानदारी और सहयोग का वातावरण बना लेते हैं, तभी वे बच्चों के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक परिवार का निर्माण कर सकते हैं।
यदि विद्यालयों और महाविद्यालयों में व्यक्तित्व प्रबंधन, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, संवाद कौशल, नैतिकता और पारिवारिक जीवन पर आधारित पाठ्यक्रम शुरू किए जाएं, तो आने वाली पीढ़ी केवल सफल पेशेवर ही नहीं, बल्कि संवेदनशील जीवनसाथी, जिम्मेदार मातापिता और अच्छे नागरिक भी बन सकेगी।
साझेदारी से बनता है सुखी परिवार
विवाह दो व्यक्तियों का नहीं, दो व्यक्तित्वों का मिलन है। इसलिए विवाह से पहले व्यक्तित्व का विकास उतना ही आवश्यक है, जितनी शिक्षा और आर्थिक तैयारी। मजबूत व्यक्तित्व, ईमानदार संवाद और साझा जिम्मेदारी ही सुखी परिवार की सबसे मजबूत नींव हैं।
ओपन कम्युनिकेशन
अपने डर, कमजोरियों और पिछली असफलताओं पर पारदर्शी बातचीत करें। अक्सर कहा जाता है कि पतिपत्नी एक गाड़ी के दो पहिए हैं। यह केवल कहावत न रह जाए, इसके लिए विवाह से पहले दोनों बैठकर अपनी जिम्मेदारियों पर खुलकर चर्चा करें। घर के कार्य, आर्थिक जिम्मेदारियां, बुजुर्गों की देखभाल, बच्चों का पालनपोषण, करियर, बचत, व्यक्तिगत समय और भविष्य की योजनाओं पर स्पष्ट सहमति बनाना कई गलतफहमियों को जन्म लेने से पहले ही रोक सकता है। यदि आवश्यक हो, तो इन सहमतियों का एक लिखित मसौदा भी तैयार किया जा सकता है, जिसे समयसमय पर दोनों मिलकर परिस्थितियों के अनुसार संशोधित करें।
नील मणि, लेखिका



