
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच जल्द ही 14 नए रूटों पर बस सेवाएं शुरू होंगी। इसके साथ दोनों राज्यों के बीच कुल 39 मार्गों पर बस संचालन होगा। सोमवार को लखनऊ में दोनों राज्यों के परिवहन मंत्रियों की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस पर सहमति बनी।
बैठक में वर्ष 2016 से प्रभावी करार के तहत 25 मौजूदा मार्गों की समीक्षा की गई। नए हाईवे बनने के बाद बिहार ने विभिन्न जिलों से यूपी के लिए नए रूट प्रस्तावित किए, जिनमें 14 मार्ग जोड़ने पर सहमति बनी।
दोनों राज्यों की बसों के किराये में एकरूपता और समतुल्य किलोमीटर के आधार पर परिवहन करार पर भी चर्चा हुई। बिहार ने यूपी रोडवेज की बसों के संचालन में सहयोग का आश्वासन दिया।
बिहार सरकार प्रस्तावित मार्गों का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध कराएगी। इसके बाद यूपी परिवहन विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
ः



