भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर19 के बीच होने वाली वनडे सीरीज से पहले BCCI ने बड़ा बदलाव किया है। रोहित यादव को उम्र से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी के कारण टीम से बाहर किए जाने के बाद उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया गया है। सौराष्ट्र के ऑलराउंडर आर्यन सावसानी को भारत की अंडर19 वनडे टीम में जगह दी गई है। वहीं मल्टीडे मुकाबलों के लिए हरियाणा के तनमय बलोदा को शामिल किया गया है।

कौन हैं Rohit Yadav के रिप्लेसमेंट Aryan Savsani?
BCCI की ओर से जारी अपडेट के मुताबिक, आर्यन सावसानी अब ऑस्ट्रेलिया अंडर19 के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में भारत की टीम का हिस्सा होंगे। उन्हें रोहित यादव की जगह वनडे स्क्वॉड में शामिल किया गया है। दूसरी ओर, तनमय बलोदा को मल्टीडे टीम में रोहित की जगह मिली है।
रोहित यादव को भारत की अंडर19 टीम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी मुकाबलों के लिए चुना गया था, लेकिन उम्र से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें दोनों टीमों से वापस ले लिया गया। BCCI ने इस मामले में रोहित पर दो साल का प्रतिबंध भी लगाया है।
Australia U19 के खिलाफ कब होंगे मुकाबले?
भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर19 के बीच तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। पहला वनडे 18 सितंबर, दूसरा 21 सितंबर और तीसरा 23 सितंबर को होगा। वनडे सीरीज के मुकाबले राजकोट में खेले जाएंगे। इसके बाद मल्टीडे मुकाबलों का आयोजन होगा, जिसमें पहला मैच 27 से 30 सितंबर और दूसरा मुकाबला 5 से 8 अक्टूबर तक खेला जाएगा। दूसरा मल्टीडे मुकाबला अहमदाबाद में होगा।
भारत की अंडर19 वनडे टीम की कप्तानी लक्ष्य रायचंदानी करेंगे, जबकि यशवर्धन चौहान उपकप्तान होंगे। टीम में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ भी शामिल हैं।
India U19 की अपडेटेड वनडे टीम
लक्ष्य रायचंदानी , यशवर्धन चौहान , रजत बघेल , आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ , वी. यशवीर, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट, काव्या पटेल और आर्यन सावसानी। इस बदलाव के बाद अब सभी की नजरें आर्यन सावसानी पर होंगी। ऑस्ट्रेलिया अंडर19 के खिलाफ उन्हें खुद को साबित करने का बड़ा मौका मिला है।



