मुंबई : सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर अभिषेक मल्हान ‘रोडीज21’ में गैंग लीडर के तौर पर अपना सफर शुरू करने जा रहे हैं। अभिषेक मल्हन ने बताया कि शो में गैंग लीडर बनना उनके लिए किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।

उन्होंने बताया कि जब रघु राम और राजीव लक्ष्मण रोडीज के ऑडिशन लिया करते थे, तब उन्होंने सोचा था कि वो कुछ भी कर लेंगे लेकिन रोडीज कभी नहीं करेंगे। अभिषेक मल्हन ने बताया कि उन्होंने कभी रोडीज का पूरा सीजन नहीं देखा था।
उन्होंने कहा, “मैंने रोडीज का कोई भी सीजन पूरा नहीं देखा है लेकिन जब पहले रघु और राजीव ऑडिशन लेते थे, तब मैंने सोच लिया था कि मैं जिंदगी में कुछ भी कर लूंग पर रोडीज कभी नहीं करूंगा। जिंदगी ऐसी ही होती है, एक सर्कल पूरा हो जाता है और आज मैं गैंग लीडर हूं। मैं पहले सोचता था कि वहां कौन जाएगा।”
बता दें कि इस बार एमटीवी रोडीज का 21वां सीजन आ रहा है, जिसका नाम ‘रोडीज रीबर्थ’ है। नए सीजन में पहली बार 6 गैंग लीडर्स नजर आएंगे, जिन्हें ‘ओजी’ और ‘न्यूजी’ में बांटा गया है, जिनमें अभिषेक मल्हान, नेहा धूपिया, प्रिंस नरूला, बसीर अली, निखिल चिनप्पा और वीजे बानी नजर आएंगे और रणविजय सिंघा होस्ट के रूप में वापसी कर रहे हैं।
इस सीजन के लिए दिल्लीएनसीआर में 5 सितंबर को ऑडिशन आयोजित किए गए थे।
शो की बात करें तो, यह शो 15 अगस्त 2003 को शुरू हुआ था। इसे रघु राम और निखिल जे अल्वा ने बनाया था। इस शो में युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से कठिन चुनौतियों, स्टंट और टास्क का सामना करना पड़ता है। कंटेस्टेंट्स अलगअलग गैंग लीडर्स के नेतृत्व में खेलते हैं और शो के दौरान विभिन्न जगहों की यात्रा करते हैं।
टास्क के अलावा शो में आपसी राजनीति, बहस, ग्रुप डिस्कशन और वोटआउट प्रक्रिया मुख्य आकर्षण होती है।
एमटीवी रोडिज न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफी लोकप्रिय है। यह भारत के सबसे लंबे समय तक चलने वाले एडवेंचर रियलिटी शोज में से एक है और इसका क्रेज भारतीय सीमाओं के बाहर भी कई देशों में देखने को मिलता है। रोडीज की लोकप्रियता को देखते हुए इसे दुनिया भर के 35 से अधिक देशों में प्रसारित किया जाता रहा है।



