
दिल्ली में शोर-शराबा कर रहे डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मचारियों का विरोध करने पर मणिपुर के रिटायर्ड टीचर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पीड़ित पर मुक्कों और घूंसों से हमला किए। इस हमले में गंभीर रूप से घायल पीड़ित को उनके बेटे ने होली फैमिली अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया है।
किलोकारी गांव में वारदात
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 7 सितंबर को सनलाइट कॉलोनी पुलिस स्टेशन को एक PCR कॉल मिली। यह कॉल किलोकारी गांव से आई थी। इसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि किलोकारी गांव के रहने वाले 54 वर्षीय सी. विक्रम सिंह के साथ मारपीट की गई है। इस हमले में सी. विक्रम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इसके बाद यह मामला एएसआई वीरेंद्र सिंह को सौंपा गया।
हमले में गंभीर चोटें
पुलिस ने बताया कि रिटायर्ड म्यूजिशियन चोंगथम विक्रम सिंह ने अपने घर के सामने डिलीवरी बॉय और ढाबा कर्मचारियों के शोर-शराबे और उपद्रव पर आपत्ति जताई थी। चोंगथम विक्रम सिंह नीचे आए और उन लोगों को टोका तो कथित तौर पर उनके साथ घूंसे और मुक्कों से मारपीट की गई। इस हमले में चोंगथम विक्रम सिंह को गंभीर चोटें आईं।
हमलावरों में नाबालिग भी शामिल
इसके बाद उनके बेटे याइफाबा उनको इलाज के लिए होली फैमिली अस्पताल ले जाए गए। इलाज के दौरान विक्रम सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने हमले में शामिल कुछ संदिग्धों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में कुछ नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच में और तथ्य सामने आएंगे।
सहकर्मी की चाकू मारकर हत्या
वहीं उत्तर-पूर्वी दिल्ली के चौहान बांगर इलाके की एक फैक्टरी में काम करने वाले 19 वर्षीय युवक की उसके ही सहकर्मी ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद से फैक्टरी के कर्मचारियों में डर का माहौल है। मृत युवक की पहचान साहिल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, छह सितंबर की देर रात किसी बात को लेकर साहिल और उसके सहकर्मी में विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने साहिल पर चाकू से हमला कर दिया।
वारदात की वजह की छानबीन
युवक खून से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, तो आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद घायल युवक को साथियों ने जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जाफराबाद थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस फैक्टरी के अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की घटना के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश कर रही है।



