
रायबरेली, अमृत विचार। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और जिले के सांसद राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के दूसरे दिन विकास योजनाओं के लोकार्पणशिलान्यास के साथ सियासी सरगर्मी भी देखने को मिली। सांसद आवास भुएमऊ में आयोजित कार्यक्रम में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। वहीं दिशा की बैठक से पहले सपा विधायकों ने प्लेकार्ड लेकर प्रदर्शन कर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए।
बता दें कि सासंद राहुल गांधी ने बुधावर को अपने दो दिवसीय रायबरेली दौरे के दौरान सांसद आवास भुएमऊ में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें बारात घर, विद्युत ट्रांसफार्मर ट्रॉली, एंबुलेंस सेवा और इंटरलॉकिंग सड़कों समेत कई विकास कार्य शामिल हैं।
राहुल गांधी के कार्यक्रम में उपस्थित जनता और समर्थक
वहीं, जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक से पहले सपा विधायकों ने बैठक स्थल के बाहर प्लेकार्ड लेकर प्रदर्शन किया। हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी और बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनसमस्याओं को लेकर सवाल उठाए। सपा विधायक राहुल लोधी ने हरचंदपुर क्षेत्र में सरकारी स्कूलों के बंद होने और जिला पंचायत की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाया।
सपा विधायकों ने फर्जी मुकदमे किए जाने के लगाए आरोप
विधायकों ने फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने और जमीनों पर कब्जे के आरोप भी लगाए। उन्होंने सवाल किया कि जब आम लोगों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं तो दिशा की बैठक का औचित्य क्या है। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रदर्शन के चलते बैठक शुरू होने से पहले माहौल खासा गरम रहा।


