
अनार को सेहत के लिए सुपर फूड माना जाता है, जो विटामिन सी, पोटैशियम, आयरन और पावरफुल एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। डेली डाइट में इसे शामिल करने से न केवल शरीर का ब्लड सर्कुलेशन और हीमोग्लोबिन स्तर बेहतर होता है, बल्कि यह दिल की सेहत और पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने में भी काफी मददगार साबित होता है। हालांकि, किसी भी फल का पूरा फायदा तभी मिलता है जब उसका सेवन सही समय और सही मात्रा में किया जाए। अनार अपने चमकीले लाल रंग के जूस के लिए सबसे ज्यादा जाना जाता है, लेकिन यह फल सिर्फ स्वाद और रंग तक सीमित नहीं है। इसमें कई पोषक तत्व और जैव सक्रिय यौगिक पाए जाते हैं, जो संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकते हैं।
क्लीनिकल डायटीशियन जी सुषमा ने बताया कि अनार में कई तरह के कंपाउंड जैसे कि एंटीऑक्सीडेंट्स और पॉलिफिनॉल्स होते हैं जो ब्रेन की हेल्थ को दुरुस्त करते हैं। स्वास्थ्य और आहार विशेषज्ञों के अनुसार, नियमित रूप से सही तरीके से अनार का सेवन करने से शरीर की इम्यूनिटी में सुधार होता है। आइए जानते हैं रोजाना एक कप अनार खाने से शरीर को कौन-कौन से मुख्य पोषक तत्व और फायदे मिलते हैं।
पोषक तत्वों से भरपूर होता है अनार
हेल्थलाइन के मुताबिक अनार में कैलोरी और वसा की मात्रा अपेक्षाकृत कम होती है, जबकि इसमें फाइबर, विटामिन और कई खनिज पाए जाते हैं। एक अनार में लगभग
Also Read
कैलोरी: 234
प्रोटीन: 4.7 ग्राम
वसा: 3.3 ग्राम
कार्बोहाइड्रेट: 52 ग्राम
फाइबर: 11.3 ग्राम
विटामिन C: दैनिक जरूरत का लगभग 32 प्रतिशत
फोलेट: दैनिक जरूरत का लगभग 27 प्रतिशत
मैग्नीशियम: दैनिक जरूरत का लगभग 8 प्रतिशत
फॉस्फोरस: दैनिक जरूरत का लगभग 8 प्रतिशत
पोटैशियम: दैनिक जरूरत का लगभग 13 प्रतिशत होता है।
अनार के जूस में पूरे फल की तुलना में फाइबर बहुत कम होता है। पूरा अनार कम वसा वाला फाइबर, विटामिन और खनिजों से भरपूर फल है इसका सेवन दानों के रूप में करना फायदेमंद होता है।
एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है अनार
अनार में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट और पॉली फेनोलिक यौगिक पाए जाते हैं। एंटीऑक्सीडेंट ऐसे यौगिक हैं जो शरीर की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। अनार में प्यूनिकालाजिन्स (Punicalagins), एंथोसायनिन्स (Anthocyanins) और हाइड्रोलाइजेबल टैनिन्स (Hydrolyzable Tannins) जैसे जैव सक्रिय यौगिक पाए जाते हैं। अनार को संतुलित डाइट का हिस्सा बनाना संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हो सकता है।
सूजन कम करने में मदद कर सकता है
शरीर में लंबे समय तक रहने वाली क्रोनिक इंफ्लेमेशन (Chronic Inflammation) कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़ी हो सकती है, जिनमें हृदय रोग, टाइप-2 डायबिटीज और कुछ प्रकार के कैंसर शामिल हैं। अनार में मौजूद प्यूनिकालाजिन्स में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए गए हैं। कुछ अध्ययनों में अनार के जूस के सेवन से शरीर में सूजन से जुड़े कुछ मार्क्स में कमी देखी गई है।
कैंसर से बचाव में करता है मदद
अनार में मौजूद कुछ जैव सक्रिय यौगिकों पर कैंसर से जुड़े संभावित प्रभावों को लेकर रिसर्च किया गया है। कुछ प्रयोगशाला और पशु अध्ययनों में अनार के यौगिकों में एंटी-कैंसर प्रभाव देखे गए हैं। कुछ शोधों में यह भी संकेत मिला है कि अनार के अर्क से कुछ कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि या ट्यूमर के विकास पर प्रभाव पड़ सकता है।
दिल की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है अनार
अनार में पाए जाने वाले पॉलीफेनोलिक यौगिक दिल की सेहत को दुरुस्त रखने के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। कुछ अध्ययनों में अनार के जूस के सेवन के बाद ब्लड प्रेशर और हृदय स्वास्थ्य से जुड़े कुछ संकेतकों में सकारात्मक बदलाव देखे गए हैं। हृदय रोग से पीड़ित लोगों पर किए गए एक अध्ययन में अनार का जूस पीने से सीने में होने वाले दर्द और गंभीरता में कमी देखी गई।
यूरिनरी और किडनी हेल्थ को कर सकता है सपोर्ट
कुछ रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि अनार का जूस किडनी स्टोन (पथरी) बनने से रोकने में मददगार साबित होता है। एक अध्ययन में अनार के अर्क को बार-बार किडनी स्टोन बनने वाले लोगों में पथरी बनने से जुड़े एक तंत्र को प्रभावित करते हुए पाया गया। जानवरों पर की हई रिसर्च के मुताबिक अनार के अर्क का ऑक्सालेट, कैल्शियम और फॉस्फेट जैसे पदार्थों पर प्रभाव किडनी स्टोन के लिए जिम्मेदार हो सकता है।
दिमाग की सेहत के लिए भी हो सकता है फायदेमंद
डायटीशियन जी सुषमा ने बताया कि अनार में कई तरह के कंपाउंड मौजूद होते हैं जो ब्रेन की हेल्थ को दुरुस्त करते हैं अनार में एलैजिटैनिन्स (Ellagitannins) नामक एंटीऑक्सीडेंट यौगिक पाए जाते हैं। ये शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और सूजन को कम करने में संभावित भूमिका निभा सकते हैं।
कुछ अध्ययनों में यह संभावना सामने आई है कि अनार में मौजूद ये यौगिक मस्तिष्क की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं। एलैजिटैनिन्स से आंतों में यूरोलिथिन A (Urolithin A) नामक यौगिक बन सकता है, जिस पर मस्तिष्क में सूजन और उम्र से संबंधित संज्ञानात्मक समस्याओं के संदर्भ में शोध किया गया है। हालांकि, अल्जाइमर या पार्किंसन जैसी बीमारियों से बचाव या इलाज में अनार की भूमिका को साबित करने के लिए अभी और रिसर्च की जरूरत है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जागरूकता के लिए है। अनार एक पौष्टिक फल है, लेकिन इसके सेवन से किसी बीमारी का इलाज या बचाव सुनिश्चित नहीं होता। किसी विशेष स्वास्थ्य समस्या, एलर्जी या चिकित्सकीय स्थिति में डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह लें।



