Today’s Weather Report: देश भर में मानसून की सक्रियता और मौसम के लगातार बदलते मिजाज का व्यापक असर देखने को मिल रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम थोड़ा सुहावना रहेगा. वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान सहित देश के 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश, आंधीतूफान और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है. विभाग के मुताबिक, इस दौरान प्रभावित इलाकों में 50 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं. आइए जानते हैं कि आपके राज्य और शहर में आज मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है.

दिल्लीNCR में गुरुवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दिन के समय 25 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे अधिकतम तापमान 34°C से 36°C और न्यूनतम तापमान 25°C से 27°C के आसपास रहेगा. शुक्रवार को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. दोपहर में हल्की बारिश, आंधी और बिजली कड़कने की संभावना है. अधिकतम तापमान गिरकर 32°C से 34°C पर आ सकता है, जिससे उमस से राहत मिलेगी. शनिवार को तड़के सुबह से लेकर शामरात के समय तक रुकरुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.
उत्तर प्रदेश: लखनऊ में बादल, कई जिलों में तूफानी बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का रुख कड़ा होने वाला है. गोरखपुर, बहराइच, गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, फुरसतगंज, लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, कानपुर, गौतम बुद्ध नगर और जौनपुर में बिजली चमकने के साथ तूफानी बारिश का अलर्ट है. इस दौरान 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी लखनऊ में बादल छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान 32°C रहने की उम्मीद है.
बिहार: 16 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
बिहार में भी मानसून मेहरबान दिख रहा है. पटना, गोपालगंज, सिवान, शिवहर, पूर्वी चंपारण, कटिहार, भोजपुर, बक्सर, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और मुजफ्फरपुर में आज भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 50 Kmph की स्पीड से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का डर है.
मध्य प्रदेश और राजस्थान: एमपी में भारी बारिश, राजस्थान में मिलाजुला असर
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, देवास, उज्जैन, गुना, खंडवा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, कटनी और जबलपुर समेत कई जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. इस दौरान 60 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में मानसून थोड़ा धीमा रहेगा, लेकिन अलवर, भरतपुर, डीग, दौसा और करौली जिलों में हल्की से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
पहाड़ी राज्य
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में लगातार बारिश से राहत के बीच गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है. बद्रीनाथ के नीलकंठ और हेमकुंड साहिब की पहाड़ियों पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.
हिमाचल प्रदेश के राज्य में अब तक मानसून सीजन में बारिश से करीब 1,550 करोड़ रुपये की संपत्ति और 286 लोगों की जान जा चुकी है. हालांकि, अगले 3 दिनों तक मौसम मुख्यतः साफ रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री का इजाफा हो सकता है.
दक्षिण, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत
दक्षिण भारत की बात करें तो केरलम और तटीय कर्नाटक में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मुख्य रूप से आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे.
वहीं, पूर्वी व पूर्वोत्तर भारत में पश्चिम बंगाल और सिक्किम में व्यापक मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है. इसके अलावा असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और मणिपुर में भी गरजचमक के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.



