
Lucky Children For Parents: हिंदू धर्म और भारतीय परंपरा में संतान को ईश्वर का आशीर्वाद माना गया है. मान्यता है कि बच्चे के जन्म के साथ परिवार के जीवन में नई ऊर्जा, खुशियां और सकारात्मक बदलाव आते हैं. वहीं अंक ज्योतिष में जन्म तारीख के अंकों को विशेष महत्व दिया गया है. न्यूमेरोलॉजी के अनुसार, कुछ तारीखों पर जन्म लेने वाले बच्चों के नंबर माता-पिता के लिए शुभ और उन्नति देने वाले माने जाते हैं. माना जाता है है कि इन खास तारीख में जन्मे बच्चे लाखों में एक होते हैं और अपने कार्यों से सभी को प्रभावित भी करते हैं. इन बच्चों में बचपन से खास व्यवहार देखने को मिल जाता है, जिससे इनके भविष्य के बारे में जानकारी मिलती है. आइए जानते हैं किन तारीख में जन्म लेने वाले बच्चे माता-पिता के लिए सौभाग्य लाते हैं…
किसी भी महीने की 1, 10, 19 और 28 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 1 होता है और इन अंक के स्वामी ग्रहों के राजा सूर्यदेव हैं. सूर्य ग्रह की वजह से इस अंक को आत्मविश्वास, नेतृत्व और प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जाता है. मान्यता है कि 1, 10, 19 या 28 तारीख को जन्म लेने वाले बच्चे परिवार में महत्वाकांक्षा और आगे बढ़ने की ऊर्जा ला सकते हैं. ऐसे बच्चे माता-पिता को अपने करियर, आर्थिक स्थिति और सामाजिक सम्मान को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं. इनके आने के बाद परिवार में नई योजनाएं बन सकती हैं और रुके हुए कामों को पूरा करने की प्रेरणा मिल सकती है.
किसी भी महीने की 3, 12, 21 और 30 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 3 होता है और इस अंक के स्वामी देवताओं के गुरु बृहस्पति देव हैं. अंक ज्योतिष में गुरु ग्रह को ज्ञान, शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन के कारक माने जाते हैं. इसलिए 3, 12, 21 और 30 तारीख में जन्मे बच्चों को ज्ञान और सकारात्मक सोच से जुड़ा माना जाता है. मान्यता है कि ऐसे बच्चों के कारण परिवार में शिक्षा, संस्कार और धार्मिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ सकती है. माता-पिता को गुरुजनों, शिक्षकों या समाज के सम्मानित लोगों का सहयोग मिलने के योग बन सकते हैं.
किसी भी महीने की 6, 15 और 24 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 6 होता है और इस अंक का संबंध शुक्र ग्रह से माना जाता है. अंक ज्योतिष में शुक्र ग्रह को प्रेम, सौंदर्य, सुख-सुविधा और पारिवारिक खुशियों का कारक माना जाता है. इसलिए 6, 15 और 24 तारीख को जन्मे बच्चों को परिवार में प्रेम और आपसी सामंजस्य बढ़ाने वाला माना जाता है. इनकी मौजूदगी से घर का माहौल अधिक खुशनुमा और भावनात्मक रूप से मजबूत हो सकता है. पारंपरिक मान्यता के अनुसार, ऐसे बच्चों के कारण माता-पिता के जीवन में सुख-सुविधाओं और पारिवारिक सहयोग की वृद्धि हो सकती है.
किसी भी महीने की 8, 17 और 26 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 8 होता है और इस अंक का संबंध शनिदेव से माना जाता है. अंक ज्योतिष में शनि कर्म, अनुशासन, धैर्य और न्याय के प्रतीक माने जाते हैं. 8, 17 और 26 तारीख को जन्मे बच्चों के बारे में अंक ज्योतिष में माना जाता है कि इनकी सफलता धीरे-धीरे लेकिन मजबूत आधार पर आती है. ऐसे बच्चों के आने के बाद माता-पिता अपने भविष्य, धन और जिम्मेदारियों को लेकर अधिक अनुशासित हो सकते हैं. लंबे समय से अटके लक्ष्य पूरे करने की दिशा में परिवार को नई प्रेरणा मिल सकती है. इनका भाग्य अचानक मिलने वाले लाभ से ज्यादा मेहनत और धैर्य से जुड़ा माना जाता है.
किसी भी महीने की 9, 18 और 27 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 9 होता है और इस अंक के स्वामी ग्रहों के सेनापति मंगल देव हैं. मंगल देव साहस, ऊर्जा, पराक्रम और आत्मविश्वास के प्रतीक माने जाते हैं इसलिए 9, 18 और 27 तारीख को जन्म लेने वाले बच्चों को साहसी और दृढ़ इच्छाशक्ति वाला माना जाता है. मान्यता है कि ऐसे बच्चे कठिन परिस्थितियों में परिवार का मनोबल बढ़ा सकते हैं. इनके कारण माता-पिता में संघर्ष करने की शक्ति, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना मजबूत हो सकती है.



