
सुलतानपुर, अमृत विचार। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में मतगणना के दौरान कथित अनियमितता को लेकर हुए विवाद के बाद एल्डर्स कमेटी ने पूरी चुनाव प्रक्रिया निरस्त कर दी है। गुरुवार को मतपत्रों की शार्टिंग के दौरान कुछ प्रत्याशियों ने मतदान में अनियमितता का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। एल्डर्स कमेटी के मुताबिक, इस दौरान कुछ लोग शार्ट किए गए मतपत्रों को जबरन लेकर भी चले गए। विवाद बढ़ने पर मतगणना रोकनी पड़ी। मौके पर कुछ अधिवक्ताओं के बीच हाथापाई की भी सूचना है।
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र प्रताप दूबे की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि उच्च न्यायालय इलाहाबाद की लखनऊ खंडपीठ के निर्देशों के अनुपालन में चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया था। इसके तहत 9 सितंबर को मतदान, 10 सितंबर को मतगणना और 11 सितंबर को चुनाव परिणाम घोषित किया जाना था।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 सितंबर को छह बूथों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराया गया। कुल 2080 मतदाताओं में से 1853 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो करीब 89.1 प्रतिशत मतदान रहा।
इसके बाद गुरुवार 10 सितंबर को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतगणना शुरू हुई।
एल्डर्स कमेटी के आदेश के मुताबिक, मतपत्रों की शार्टिंग के दौरान कुछ प्रत्याशियों ने मतदान में अनियमितता का प्रश्न उठाते हुए बवाल शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने शार्ट किए गए मतपत्रों को जबरन अपने कब्जे में लेकर वहां से जाने का प्रयास किया। घटना दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच की बताई गई है।
कुर्सियां टूटीं, मतपत्रों के बंडल बिखरे
विवाद के दौरान मतगणना स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई। मौके पर कुछ कुर्सियां टूटी हुई दिखाई दीं, जबकि मतपत्रों के बंडल भी इधरउधर पड़े होने की बात सामने आई। कुछ अधिवक्ताओं के बीच हाथापाई की सूचना भी मिली। एल्डर्स कमेटी ने अपने आदेश में कहा है कि समस्त घटना हाल में लगे कैमरों में रिकॉर्ड है। घटना के बाद एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र प्रताप दूबे ने 9 सितंबर को हुए मतदान समेत पूरी चुनाव प्रक्रिया निरस्त करने का आदेश पारित किया।
जिला जज को दी गई चुनाव निरस्त होने की जानकारी
एल्डर्स कमेटी चेयरमैन राजेंद्र प्रताप दूबे, अधिवक्ता अरविंद सिंह राजा, संतोष पांडेय व चुनाव समिति के कुछ सदस्यों ने जिला जज सुनील कुमार से मुलाकात कर चुनाव रद्द होने की जानकारी साझा की। एल्डर्स कमेटी की ओर से निरस्तीकरण आदेश की प्रतिलिपि इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ, जनपद सुलतानपुर के प्रशासनिक न्यायाधीश, जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा कोतवाली नगर प्रभारी को भी भेजी गई है। अब बार एसोसिएशन का चुनाव दोबारा कब और किस प्रक्रिया के तहत कराया जाएगा, इस पर सभी की निगाहें एल्डर्स कमेटी के अगले निर्णय पर टिकी हैं।



