CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

आगरा में एयरफोर्स जवान की संदिग्ध मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव; जांच में जुटी पुलिस.

आगरा में एयरफोर्स जवान की संदिग्ध मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव; जांच में जुटी पुलिस.

आगरा। अछनेरा रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर भारतीय वायुसेना के एक जवान का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव की गर्दन और धड़ अलग-अलग पड़े मिले। सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

मृतक की पहचान राजस्थान के नागौर जिले के खींवसर निवासी 35 वर्षीय नैना राम पुत्र करना राम के रूप में हुई है। वह भारतीय वायुसेना में कार्यरत थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नैना राम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव से हावड़ा एक्सप्रेस में प्रयागराज जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि अछनेरा स्टेशन के पास ट्रेन के गुजरने के दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। हादसा किस तरह हुआ, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस आत्महत्या के पहलू से भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

आईडी कार्ड और टिकट से हुई पहचान

पुलिस के अनुसार जवान की पहचान घटनास्थल से मिले आईडी कार्ड और यात्रा टिकट के जरिए हुई। जीआरपी ने ट्रेन में मौजूद उनकी पत्नी और बच्चों से भी घटना को लेकर पूछताछ की है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि ट्रेन में घटना से पहले क्या हुआ था और जवान किन परिस्थितियों में कोच से नीचे गिरे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। फिलहाल जीआरपी और स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply