Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में एक होटल में दर्दनाक हादसा हो गया. होटल की गैलरी में खड़ा 25 वर्षीय युवक अचानक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. करंट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. हादसे के बाद होटल में अफरातफरी मच गई. बताया जा रहा कि मृतक युवक पेशे से सिंगर था और अपनी एक महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

खिड़की से बाहर देख रहा था युवक
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है. वह गौत मबुद्ध नगर का रहने वाला था और सिंगर के तौर पर काम करता था. हादसे के समय गौरव होटल की गैलरी में खड़ा होकर खिड़की से बाहर की तरफ देख रहा था. इसी दौरान होटल के पास से गुजर रही करीब 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. लाइन के संपर्क में आते ही गौरव को जोरदार करंट लगा और वह नीचे गिर पड़ा.
करंट लगते ही मौके पर मौत
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने के कुछ सेकंड बाद ही गौरव की मौत हो गई. अचानक हुए इस हादसे से होटल में मौजूद लोगों और स्टाफ में हड़कंप मच गया. हादसे की जानकारी मिलते ही होटल का स्टाफ मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद बादलपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
हादसे की पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस CCTV फुटेज की मदद से हादसे की परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गौरव किस तरह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आया और होटल की खिड़की के पास से गुजर रही बिजली लाइन की स्थिति क्या थी?
हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे के बाद होटल के आसपास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. पुलिस होटल की खिड़की और बिजली लाइन के बीच की स्थिति समेत सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है. बादलपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार के मुताबिक, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति के बारे में और जानकारी स्पष्ट हो सकेगी.



