
शुकुल बाजार/अमेठी, अमृत विचार। अमेठी के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के तकिया बदलगढ़ मजरे अहमदपुर गांव में गुरुवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब मुंबई से लौटे युवक की लाश उसके घर से 800 मीटर दूर बने पानी की टंकी के पास पड़ी मिली। युवक के सिर पर चोट के निशान और शरीर के बाल झुलसे होने के साथ सिर से बह रहे खून के चलते परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
वहीं, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत की आशंका भी जताई जा रही है। मृतक की पहचान आदिल 26 तकिया बदलगढ़ मजरे अहमदपुर निवासी आकाश के रूप में हुई है। बताया गया कि वह करीब चार दिन पहले ही मुंबई से अपने घर आया था। उसकी पत्नी गर्भवती है। गुरुवार देर शाम पानी की टंकी के पास युवक का शव पड़ा होने की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा मौत का कारण
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिर पर चोट के निशान होने के कारण घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि शरीर पर झुलसे बाल और काले निशान मिलने से आकाशीय बिजली गिरने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। थाना अध्यक्ष गजेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।


