CrimeIndia

​Bhagalpur Crime News: भागलपुर में दिनदहाड़े BJP मंडल अध्यक्ष की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने कनपटी पर मारी गोली

Bhagalpur News: बिहार के भागलपुर जिले में शुक्रवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. बबरगंज थाना क्षेत्र के ठठेरी टोला स्थित मां तारा होटल के पास बाइक सवार बदमाशों ने बीजेपी मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती को घेर लिया और बेहद करीब से उनकी कनपटी में गोली मार दी. गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई. वारदात के बाद हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए. दिन के उजाले में सड़क पर गोली चलने से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई. कुछ ही देर में घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई. मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.

​Bhagalpur Crime News: भागलपुर में दिनदहाड़े BJP मंडल अध्यक्ष की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने कनपटी पर मारी गोली

कुछ सेकंड में खूनी खेल, संभलने तक का नहीं मिला मौका

जानकारी के मुताबिक, हमलावर बाइक से पहुंचे थे. उन्होंने उमा भूषण तांती को रुकने का इशारा किया. जैसे ही उन्होंने अपनी गाड़ी रोकी, बदमाशों ने बेहद करीब से उनके सिर में गोली मार दी. पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. गोली की आवाज के बाद इलाके में दहशत फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मायागंज अस्पताल में मृतक की बेटी अपने पिता के शव से लिपटकर फूटफूटकर रोने लगी. परिजनों की चीखपुकार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया.

मृतक के भाई पंकज किशोर और परिजन कमल तांती समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रोरोकर बुरा हाल है. हत्या के पीछे की वजह को लेकर शुरुआती जांच में काली पूजा के चंदे को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है. बताया जा रहा कि पूजा के लिए चंदा जुटाने को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था. इसी विवाद के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारण की पुष्टि नहीं की है. पुलिस चंदा विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या है और वारदात को किसने अंजाम दिया, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा.

मौके पर पहुंची पुलिस, CCTV खंगालने में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर जांच शुरू की. पुलिस ने अपराधियों तक पहुंचने के लिए आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. पुलिस अब हमलावरों के आने और वारदात के बाद भागने वाले संभावित रास्तों की भी जांच कर रही है. अपराधियों की पहचान और उनके ठिकाने तक पहुंचने के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. सिटी एसपी अतुलेश झा ने कहा कि घटना में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है.

बीजेपी विधायक ने की हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग

हत्याकांड की जानकारी मिलने के बाद नगर के बीजेपी विधायक रोहित पांडेय मायागंज अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. वहीं भागलपुर में बीजेपी मंडल अध्यक्ष की इस तरह दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या ने शहर की कानूनव्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर अपराधियों ने दिन के उजाले में भीड़भाड़ वाले इलाके में इतनी बड़ी वारदात को इतनी आसानी से कैसे अंजाम दे दिया?

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply