
लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले पुलिस ने समाजवादी छात्र सभा और NSUI के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को हिरासत में लिया है। शनिवार को मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय में आयोजित पुस्तक मेले का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस की ओर से यह कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।
छात्र संगठनों के सदस्यों का आरोप है कि पुलिस देर रात हॉस्टल पहुंची और कई छात्रों को हिरासत में लेकर चली गई। समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र यादव के मुताबिक, पुलिस उन्हें रात करीब ढाई बजे हॉस्टल से जबरन हिरासत में ले गई।
छात्र नेता बोले देर रात हिरासत में लेना मानसिक रूप से परेशान करने वाला
महेंद्र यादव ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे छात्रों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने इसे संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताया। उनका कहना है कि जब छात्र रात में सो रहे थे, उस समय पुलिस द्वारा उन्हें हिरासत में लिया जाना मानसिक रूप से परेशान करने वाला है।
छात्र नेताओं का आरोप है कि कार्यक्रम से पहले विरोध की आशंका के चलते पुलिस ने यह कदम उठाया है।
34 करोड़ की ग्रांट को 100 करोड़ करने की मांग
समाजवादी छात्र सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र यादव ने विश्वविद्यालय की आर्थिक स्थिति और छात्र सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय को फिलहाल 34 करोड़ रुपये की ग्रांट मिलती है, जो उनके मुताबिक पर्याप्त नहीं है।
उनकी मांग है कि विश्वविद्यालय की ग्रांट बढ़ाकर कम से कम 100 करोड़ रुपये की जाए। उन्होंने कहा कि छात्र सुविधाओं की कमी के बीच पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
महेंद्र यादव के मुताबिक, विश्वविद्यालय के कई क्लासरूम की छतें खराब हैं। छात्रों को पीने के लिए साफ और ठंडा पानी उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा इंटरनेट सुविधा की कमी समेत कई दूसरी समस्याएं भी हैं।
NSUI सदस्य ने कहा रात 3 बजे हॉस्टल से लिया गया
हिरासत में लिए गए NSUI सदस्य शुभम ने आरोप लगाया कि उन्हें रात करीब 3 बजे हॉस्टल से जबरदस्ती हिरासत में लिया गया। उनके मुताबिक, अचानक पुलिस के हॉस्टल पहुंचने से छात्रों में घबराहट का माहौल बन गया।
शुभम ने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस के जरिए छात्रों को सवाल उठाने से रोकना चाहती है। उन्होंने कहा कि छात्र विश्वविद्यालय को बेहतर बनाने के लिए लगातार अपनी आवाज उठा रहे हैं।
फीस और कैंपस सुविधाओं को लेकर आंदोलन जारी रखने का दावा
NSUI सदस्य शुभम ने कहा कि फीस वृद्धि और कैंपस की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्र अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी असंवैधानिक पुलिस कार्रवाई से छात्र डरने वाले नहीं हैं।
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ विश्वविद्यालय में पुस्तक मेले का उद्घाटन करेंगे। ऐसे में कार्यक्रम से पहले छात्र संगठनों के सदस्यों की हिरासत ने विश्वविद्यालय परिसर की गतिविधियों को चर्चा में ला दिया है।
ः



