IndiaTrendingUttar Pradesh

​‘शादी कराओ तभी उतरूंगी…’ प्रेमी के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ी किशोरी; लाउडस्पीकर से 2 घंटे तक मनाती रही पुलिस

देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में प्यार में अड़ी एक किशोरी का हाईवोल्टेज ड्रामा सामने आया है। अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी किशोरी सड़क किनारे लगे मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर जा चढ़ी। नीचे खड़े लोगों और पुलिसकर्मियों से उसने दो टूक कह दिया कि जब तक उसकी शादी प्रेमी से कराने का भरोसा नहीं मिलता, वह नीचे नहीं उतरेगी। सैकड़ों फीट ऊंचे टावर पर किशोरी को देख पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।

​‘शादी कराओ तभी उतरूंगी…’ प्रेमी के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ी किशोरी; लाउडस्पीकर से 2 घंटे तक मनाती रही पुलिस

चेहरा ढका होने पर ड्रोन से की गई पहचान

घटना लार थाना क्षेत्र के पटनेजी इलाके की है। शुक्रवार दोपहर किशोरी को टावर पर चढ़ते देख स्थानीय लोगों का हुजूम जुट गया और फौरन पुलिस को सूचना दी गई। लार थाना प्रभारी राकेश सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन किशोरी इतनी ऊंचाई पर थी कि उस तक पहुंचना बेहद जोखिम भरा था। किशोरी ने अपना चेहरा पूरी तरह ढक रखा था, जिसके चलते उसकी पहचान और सटीक स्थिति का जायजा लेने के लिए पुलिस को ड्रोन कैमरे का सहारा लेना पड़ा।

माइक और लाउडस्पीकर से 2 घंटे तक समझाइश

किशोरी अपनी मांग पर अड़ी रही और नीचे आने से लगातार इनकार करती रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लाउडस्पीकर और माइक का प्रबंध किया। करीब ढाई घंटे तक पुलिस और स्थानीय गणमान्य लोगों ने नीचे से माइक के जरिए उससे बातचीत की। उसे भरोसा दिलाया गया कि उसकी पूरी बात सुनी जाएगी और मामले में न्यायसंगत कदम उठाया जाएगा। आखिरकार पुलिस की सूझबूझ और लंबी समझाइश के बाद किशोरी का गुस्सा शांत हुआ और वह सुरक्षित नीचे उतर आई।

परिवार ने प्रेमी पर कराया था केस, किशोरी बोली उसी के साथ रहना है

नीचे उतरने के बाद किशोरी ने बताया कि वह मईल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से प्रेम करती है और उसी के साथ जीवन बिताना चाहती है। उसने खुलासा किया कि उसके परिजनों ने प्रेमी के खिलाफ 30 अगस्त को लार थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें उसके बयान भी हो चुके हैं। वह युवक के खिलाफ दर्ज कार्रवाई का विरोध करते हुए शादी की मांग कर रही थी। सीओ गौरव सिंह ने बताया कि किशोरी को सुरक्षित उतार लिया गया है और मामले में दोनों पक्षों की काउंसलिंग के साथ विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply