
बिहार के पूर्णिया जिले के मरंगा थाना क्षेत्र में रूह कंपा देने वाला दोहरा हत्याकांड सामने आया है। शादी का दबाव बनाने से नाराज एक प्रेमी ने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए अपनी 32 वर्षीय प्रेमिका का धारदार हथियार से सिर धड़ से अलग कर दिया।
हैवानियत यहीं नहीं थमी, आरोपी ने प्रेमिका की दो वर्ष की मासूम बेटी अनुष्का की भी बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपित मु. मोफिल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
सदर एसडीपीओ अभिनव परासर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतका पूजा देवी (मायका- मधुबन, जानकीनगर) के पति पवन शर्मा रोजी-रोटी के सिलसिले में दूसरे राज्य में रहते हैं। इसी दौरान पूजा का संपर्क रहुआ पंचायत के मोगलानी टोला निवासी मु. मोफिल से हुआ और दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं। पूजा अपने पति का घर छोड़कर पिछले करीब तीन महीने से अपनी दो बेटियों के साथ मोफिल के साथ रह रही थी।
शादी का दबाव बना तो रची खौफनाक साजिशपूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश; शादी का दबाव बनाने पर आरोपी मोफिल ने प्रेमिका पूजा देवी का सिर काटा और 2 साल की बच्ची का रेता गला
हत्या को अंजाम देने से पहले मोफिल ने पूरी योजना बनाई ताकि कोई प्रत्यक्षदर्शी न रहे। उसने पूजा की चार साल की बड़ी बेटी प्रीति को पहले ही उसकी दादी के पास छोड़ दिया। इसके बाद उसने पहले पूजा का गला घोंटकर उसे बेसुध किया, फिर धारदार हथियार से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद उसने दो साल की नन्ही अनुष्का की भी गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने के लिए उसने सिर को पटवा (जूट) के खेत में फेंक दिया और धड़ को नहर किनारे झाड़ियों में छुपा दिया।
नहर किनारे मिला था धड़, खेत से सिर बरामद होने पर खुला राज]
गत बुधवार को बैजनाथपुर नहर के समीप झाड़ियों से एक अज्ञात महिला का बिना सिर वाला धड़ बरामद हुआ था, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। अगले दिन गुरुवार को घटनास्थल से कुछ दूरी पर पटवा के खेत से महिला का कटा हुआ सिर मिला। शव की शिनाख्त रहुआ पंचायत के वार्ड-14, मिल्की टोला निवासी पवन शर्मा की पत्नी पूजा देवी के रूप में हुई।
पुलिस और फोरेंसिक (FSL) टीम की प्राथमिक जांच में स्पष्ट हुआ कि हत्या पांच से छह दिन पहले की गई थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब मोफिल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने मां-बेटी की नृशंस हत्या की पूरी कहानी उगल दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अन्य साक्ष्य जुटाए हैं और आगे की विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी कर रही है।



