Surajkund Mela Accident : फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित प्रसिद्ध सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय मेले के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा एक झूला अचानक टूट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय झूले के आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिसके चलते कई लोग घायल हो गए।
हादसे में बचाव कार्य के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई। जिला उपायुक्त आयुष सिंह ने बताया कि इस दुर्घटना में कुल 13 लोग घायल हुए, जिनमें से एक की जान चली गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूला टूटते ही चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान एक पुलिस इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि करीब छह अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग के एमडी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। किसी अन्य अनहोनी को रोकने के लिए पूरे क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर दी गई। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और झूला संचालकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
The post Surajkund Mela Accident : हरियाणा के सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा, झूला टूटने से अफरा-तफरी, बचाव में पुलिस इंस्पेक्टर की मौत appeared first on Jago India Jago.



