
सीतापुर, अमृत विचार: शहर सीमा से जुड़े सिंघानिया स्कूल में दो छात्रों के बीच झगड़े के बाद एक छात्र और उसके साथियों पर सिख छात्र के साथ मारपीट कर पगड़ी खीचने का आरोप है। आहत छात्र ने विषाक्त का सेवन कर लिया तो नाराज परिजनों ने विद्यालय परिसर में आकर देर तक हंगामा किया। विद्यालय प्रबंधन ने खेद जताते हुए आरोपित कक्षा 12 के छात्र के निष्कासित किये जाने की बात कही है।
पिसावां थानाक्षेत्र के नादन गांव निवासी कुलजीत सिंह के मुताबिक, उनका 18 वर्षीय पुत्र गुरसेवक सिंह सिंघानिया एजूकेशनल इंस्टीट्यूट में कक्षा 12 का छात्र है। 8 सितंबर को वो विद्यालय आया था, विद्यालय के भीतर सहपाठियों ने उसके साथ झगड़ा किया। बाद में बाहर जाकर गुरसेवक की जमकर पिटाई की और पगड़ी उतार दी। इस बात की शिकायत अगले दिन परिवार के लोगों ने कॉलेज प्रबंधन से की लेकिन कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। आहत छात्र गुरसेवक ने शनिवार को विषाक्त का सेवन कर लिया। नाराज परिजनों ने विद्यालय पहुंचकर धरना देते हुए जमकर हंगामा किया।
स्कूल प्रबंधन ने कहा आरोपित छात्र किया गया निष्कासित
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद विद्यालय प्रबंधन से जुड़े आशीष सिंघानिया पहुंचे, इनका कहना है कि विवाद बाहर हुआ था, जानकारी मिलने के बाद आरोपित छात्र को रेस्टीगेट कर दिया गया है। उधर, परिजनों ने बताया है कि मामले में कांशीराम कॉलोनी चौकी पुलिस को शिकायती पत्र दिया गया है। देर शाम, हालत बिगड़ने पर छात्र को लखनऊ ले जाने की बात सामने आई है।


